गर्मियों में बचें घमौरियों से

By: Mar 25th, 2017 12:05 am

सबसे ज्यादा घमौरियां बच्चों को होती हैं क्योंकि उनकी पसीने की ग्रंथियां पूरी तरह से फंक्शनल नहीं होती हैं। ऐसे में बच्चों को नहाने के बाद पाउडर लगाना बहुत जरूरी है। साथ ही बच्चों को ढीले कपड़े ही पहनाने चाहिए…

अब गर्मियों का मौसम आ ही गया है तो इस मौसम में सबसे ज्यादा जो दिक्कत होती है, वो है घमौरियों की। अधिक गर्मी में त्वचा प्रभावित होती है और घमौरियां दाने के रूप में शरीर में होने से, खुजली, जलन शुरू हो जाती है। अकसर तेज गर्मी, पसीने, लू से त्वचा कुछ समय के लिए संक्रमित हो जाती है। आज हम आपको बता रहे हैं कैसे बचें गर्मियों में घमौरियों से। सबसे ज्यादा घमौरियों बच्चों को होती हैं क्योंकि उनकी पसीने की ग्रंथियां पूरी तरह से फंक्शनल नहीं होती हैं। ऐसे में बच्चों को नहाने के बाद पाउडर लगाना बहुत जरूरी है। साथ ही बच्चों को ढीले कपड़े ही पहनाने चाहिए।  व्यस्क लोग भी गर्मियों के मौसम में टाइट कपड़े न पहनें। गर्मियों में नायलॉन और रेयान के कपड़ों को पहनने से बचना चाहिए। कूल कपड़े, कॉटन या लेनिन के कपड़े ही खासतौर पर पहनें। अगर आपको हर बार गर्मियों में घमौरियां हो जाती हैं, तो चंदन का पैक बनाएं। रात में सोने से पहले इसे बॉडी पर लगाएं, इससे घमौरियां काफी हद तक कंट्रोल रहेंगी। चंदन शरीर को ठंडा रखता है।  इसी तरह से एलोवेरा और लेमन जूस मिलाकर पिएं। सुबह उठकर खाली पेट 2 चम्मच ऐलोवेरा जूस में 8 से 10 बूंद नींबू मिलाकर एक गिलास ठंडे पानी में घोलकर पिएं। इससे बाहर जाने पर भी आपको घमौरियां नहीं निकलेंगी। गुलकंद का सेवन करने से भी आप घमौरियों से बच सकते हैं। यह शरीर का ठंडा रखता है। गुलकंद के साथ गुलाब जल मिलाकर शरीर पर स्प्रे करेंगे, तो भी घमौरियां नहीं होंगी। गर्मियों में नियमित रूप से प्याज खाने से भी घमौरियों को कंट्रोल किया जा सकता है। शतावरी हर्ब को दो मिलीग्राम आप ठंडे पानी के साथ लीजिए। यह आपके शरीर को ठंडा रखेगा। वैसलीन या हैवी क्रीम को गर्मियों में शरीर पर एप्लाई न करें। इससे घमौरियां बढ़ती हैं। आप घमोरियों को कम करने के लिए कैल्माइन लोशन लगा सकते हैं। इससे घमौरियों में खुजली कम होगी। कुछ नीम की तथा तुलसी की साफ पत्तियों को लेकर धो लें। अब इन पत्तियों को बारीक पीस कर इनका पेस्ट बना लीजिए और इस पेस्ट को घमौरियों वाले स्थान पर लगाएं। सूखने के बाद धो दें, कुछ दिन ऐसा लगातार करें। नीम और तुलसी का पेस्ट लगाना फायदेमंद होता है।  मुल्तानी मिट्टी घमौरियों से सुरक्षा का बहुत ही अच्छा उपाय है। यह  घमौरियों में होने वाली खुजली से राहत देती है। पांच चम्मच मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर इसका लेप तैयार कर लीजिए। इस मिश्रण को दिन में एक बार घमौरियों पर लगाने से राहत मिलती है। सभी घरों में आसानी से मिलने वाला सबसे अच्छा उपाय है बर्फ। घमौरियां होने पर हमारे शरीर में खुजली तथा जलन होने लगती है, इसके लिए आप बर्फ  के टुकड़ों को घमौरियों वाले स्थान पर लगाएं। इससे घमौरियां ठीक होने लगती है। सरसों का तेल अनेक रोगों का रामबाण इलाज माना जाता है। घमौरियां होने पर 2 चम्मच सरसों के तेल में 2 चम्मच पानी मिलाकर सुबह और शाम मालिश करें। यह प्रक्रिया करने से घमौरियां दूर होने लगती हैं। संतरा अनेक गुणों से भरपूर होता है साथ ही संतरे का छिलका भी अनेक रोगों का समाधान होता है। घमौरियां होने पर संतरे के छिलकों को सुखाकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर में गुलाब जल मिला लें। अब इस मिश्रण को घमौरियों वाले स्थान पर लगाएं। इससे घमौरियां ठीक होने लगेंगी। गुलाब की पंखुडि़यां घमौरियों से निपटने के लिए बहुत ही अच्छा उपाय है। गुलाब के फूलों का तेल लगभग 12 मिली, थोड़ा सा कपूर, तीन ग्राम फिटकरी को आपस में मिला लीजिए। इस पेस्ट को घमौरियों वाले स्थान पर लगा लें। इससे आपको फायदा मिलेगा। गाय के घी में तुलसी के हरे पत्ते डुबो कर त्वचा पर रगड़ने से घमौरियां ठीक हो जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App