गायत्री प्रजापति के दो और साथी धरे

By: Mar 8th, 2017 12:02 am

लखनऊ — सामूहिक बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोपी उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति के दो और साथियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को नोएडा के पास से गिरफ्तार किया गया है। इनके नाम आशीष शुक्ला और अशोक तिवारी बताए गए हैं। दोनों को लखनऊ लाया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। इससे पहले गायत्री प्रजापति के गनर चंद्रपाल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। चंद्रपाल ने साजिशन फंसाया जाने का दावा करते हुए कहा था कि वह पूरी तरह निर्दोष हैं। उसे नहीं जानकारी है कि आरोप लगाने वाली महिला ऐसा कयों कर रही है। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने गायत्री प्रजापति और उनके छह साथियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोप में गत 18 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। उसी आदेश के तहत लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई, इसके बाद मामले की जांच कर रहीं पुलिस उपाधीक्षक अमिता सिंह ने पीडि़ता का बयान दिल्ली जाकर दर्ज किया था। उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। कानून की मदद के लिए उनकी सरकार हर तरह से तैयार है। वह निजी तौर पर भी कानून के पक्षधर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App