चंडीगढ़ में धरी ठग गिरोह की एजेंट

By: Mar 23rd, 2017 12:15 am

फर्जी फेसबुक के जरिए कनाडा की युवती ने शिमला का युवक लिया था झांसे में

newsशिमला — हिमाचल पुलिस ने बीजों का बिजनेस का झांसा देकर ठगने वाले एक  गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह ने शिमला के कारोबारी को भी झांसा देकर फंसाने की कोशिश की थी, लेकिन कारोबारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए  दिल्ली के एक एजेंट महिला को चंडीगढ़ में पकड़ा है,जबकि गिरोह के सरगना की तलाश की जा रही है।  जानकारी के अनुसार गिरोह ने न्यू शिमला के विवेश शर्मा से फेसबुक पर संर्पक साधा। फेसबुक पर कनाडा की एक महिला रोसन शूमर के नाम का अकाउंट बना है। महिला ने फेसबुक के जरिए विवेक से संपर्क साधा और अपने आपको डरमैटोलॉजी एसोसिएशन कनाडा का प्रबंध निदेशक बताया। महिला ने बताया कि एसोसिएशन अजगबगियो नामक का बीज खरीदती है, जो कि दवाओं में काम आता है। बताया गया कि भारत में यह 1300 डालर प्रति 100 मिली ग्राम के हिसाब से बिकता है,जबकि कनाडा में यह 2100 डालर के रेट पर बिकता है। एसोसिएशन भारत से यह बीज आयात करती है। महिला ने बताया कि उनकी एसोसिएशन एक ब्रोकर की तलाश में है। यह भी झांसा दिया गया कि भारत और कनाडा में इस बीच कीमतों का मार्जिन को 50-50 फीसदी दोनों पक्ष बांटेंगे। विदेशी महिला ने विवेक को बताया कि इसके लिए उसको दिल्ली की सोनिया शर्मा नामक महिला से संपर्क करना होगा, जो कि भारतीय सप्लायर कंपनी की प्रतिनिधि है। पुलिस ने महिला को अदालत में पेश किया,जहां से उसको 25 मार्च तक रिमांड पर भेजा गया है। एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने कहा  कि पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

फर्जी फेसबुक चला रहा था अफ्रीकन 

जांच में पता चला है कि जिस फेसबुक अकांउट से विवेक से संपर्क किया गया,  वह अफ्रीका के शातिर द्वारा फर्जी तरीके से बनाया गया था।  यह इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है।

ऐसे हुआ संदेह

विवेक शर्मा ने जब सोनिया शर्मा से संपर्क किया तो उसने पहले उसकी कंपनी से बीज के तीन पैकेट सैंपल के तौर पर 2.58 लाख देकर खरीदने का दबाव डाला।  इस पर विवेक को शक हुआ और उसने न्यू शिमला थाने में इसकी सूचना दी।  इस पर पुलिस ने व्यक्ति के साथ प्लान बनाया और महिला को चंडीगढ़ बीज लेकर आने को कहा। पुलिस ने विवेक शर्मा के साथ मिलकर चंडीगढ़ में महिला को  गिरफ्तार कर लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App