जारी रहेंगी कांट्रैक्ट पर भर्तियां

By: Mar 30th, 2017 12:06 am

NEWSशिमला— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को कहा है कि प्रदेश में कांट्रैक्ट पर नियुक्तियां जारी रहेंगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसी के साथ स्थायी व नियमित नियुक्तियां भी चलती रहेंगी। एलईडी ट्यूबलाइट और ऊर्जा कुशल (फैन) को ‘उन्नत जीवन बाय एफोरडेबल एलईडी एंड एंप्लाइंसिज फॉर ऑल’ (उजाला) योजना के अंतर्गत उपलब्ध करवाने के लिए वितरण की शुरुआत करने के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। बुधवार को इस बातचीत में मुख्यमंत्री राजनीतिक सवालों पर वह प्रतिक्रिया नहीं देते दिखे, जिसके लिए मीडिया उन्हें पसंद करता है। मुख्यमंत्री ने जहां प्रदेश में निर्धारित समय से पूर्व विधानसभा चुनाव करवाने के सवाल को टाल दिया, वहीं उन्होंने इस सवाल पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू अध्यक्ष पद पर चलते रहेंगे या उन्हें हटाया जा सकता है। शायद भोरंज उपचुनाव का प्रचार जोर पकड़ रहा है, इसी के चलते मुख्यमंत्री ने राजनीतिक तौर पर कोई बयान देना सही नहीं समझा। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि भोरंज उपचुनाव प्रचार के लिए वह 31 मार्च और पहली अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रों में रैलियां करेंगे। मुख्यमंत्री 31 मार्च को शाम सात बजे हमीरपुर पहंुचेंगे और उनका रात्रि ठहराव सर्किट हाउस हमीरपुर में रहेगा। पहली अप्रैल को सुबह 10 बजे बरारा, 11.45 बजे डारट, दोपहर 12.45 बजे जोह, दोपहर बाद 2.30 बजे हनोह और शाम चार बजे सलगवान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App