ट्रांसफर के डंडे से डरा छीना रोजगार

By: Mar 21st, 2017 12:01 am

बद्दी —  बीबीएन में उद्योगों से कामगारों की नाजायज तरीके से छंटनी की जा रही है। कामगारों को प्रताडि़त करने के उद्देश्य से उन्हें तबादले का खौफ दिखाकर बाद में बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। कई उद्यमी रात के अंधेरे में उद्योगों की तालाबंदी कर यहां से फरार हो रहे हैं और सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। यह बात हिंद मजदूर सभा की राज्य स्तरीय बैठक के दौरान राज्य प्रभारी रामकिशन शर्मा ने कही। बैठक में हिंद मजदूर सभा के पंजाब, चंडीगढ़ व हिमाचल के प्रभारी रामकिशन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस दौरान राज्य प्रभारी ने कहा कि प्रदेश में कामगारों के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा व दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कामगारों का न्यूनतम वेतन हिमाचल से दोगुना है। रामकिशन शर्मा ने कहा कि प्रदेश को मिले रियायती पैकेज का फायदा उठाकर करोड़ों रुपया डकारने वाले उद्योगपति अब उन कामगारों को बिना किसी नोटिस के ही बाहर का रास्ता दिखा रहे हैं, जिन्होंने उनके कारोबार को बुलंदी तक पहुंचाया। वहीं, हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल ने कहा कि अकेले बीबीएन क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा कामगारों को उद्योग बंद करने या फिर सिक्किम व अन्य राज्यों में ट्रांसफर करने का भय दिखाकर उद्योग से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। वहीं, सभा के जिला अध्यक्ष रणजीत ठाकुर व उपाध्यक्ष प्रीतम सोनी ने कहा कि कामगारों की स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर खोले गए ईएसआईसी अस्पताल काठा में कामगारों को स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा है। वहां न तो कामगारों को दवाइयां मिल रही हैं और न ही यहां विशेषज्ञ डाक्टर उपलब्ध हैं। हिंद मजदूर सभा के जिला महासचिव राजु भारद्वाज ने बताया कि सभा का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेगा व उन्हें उद्योगों में कामगारों के साथ हो रहे अन्याय से परिचित करवाया जाएगा। इस मौके पर हिंद मजदूर सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र डोगरा, खेमराज विक्की, रविंद्र सिंह, गुरदास चंदेल, निर्मल सिंह, अश्वनी, नरेश कप्पा, निर्मल, डाक्टर अवतार, राजीव, राजिंद्र, राजेंद्र सैणी, सोहन लाल, बबीता व बेगम, सुरिंद्र आदि उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App