तपिंदर सिंह अल्पसंख्यक विकास निगम में उपाध्यक्ष

By: Mar 26th, 2017 12:01 am

शिमला – प्रदेश सरकार ने नौ साल बाद अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम में उपाध्यक्ष का पद भरा है। पांवटा के तपिंदर सिंह को निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रधान सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता ने इसके आदेश जारी किए हैं। तपिंदर सिंह पहले निगम के सदस्य के रूप में कार्यरत थे। यह राजनीतिक पद है, जिसे इस सरकार ने चार साल से नहीं भरा था। इससे पहले भाजपा सरकार ने भी यहां पर किसी को उपाध्यक्ष नहीं लगाया था। पांवटा साहिब के गांव शुभखेड़ा के रहने वाले तपिंदर सिंह अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े हुए हैं। इस निगम में उपाध्यक्ष का पद खाली रहने से सरकार के खिलाफ अल्पसंख्यक समुदाय का रोष भी था और कई नेता इस कुर्सी को हासिल करने में लगे हुए थे। खासकर मुस्लिम समुदाय के लोग इस पर निगाह रखे हुए थे, जिसके लिए कई नेताओं ने खूब गोटियां बिठाईं। वीरभद्र सिंह की पिछली सरकार में एक मुस्लिम कांग्रेसी नेता को ही यह कुर्सी सौंपी गई थी, जिसके बाद लगातार नौ साल तक यहां पर उपाध्यक्ष नहीं बैठा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App