दूसरी राजधानी से बौखलाई भाजपा

By: Mar 24th, 2017 12:01 am

धर्मशाला में घर द्वार प्रशासन उपलब्ध कराना सरकार का मकसद

 शिमला— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी बनाने की घोषणा व इसकी अधिसूचना जारी होने से भाजपा नेता बौखला गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष चंद्र कुमार चौधरी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, 20 सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वय समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी घोषित करने का प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के निचले क्षेत्रों को घर द्वार पर प्रशासन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को राज्य की दूसरी राजधानी बनाने के पीछे मुख्यमंत्री की केवल यही मंशा रही है कि चंबा, कांगड़ा, ऊना व हमीरपुर के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को अपने शासकीय व प्रशासकीय कार्यों के लिए शिमला न आना पड़े। यही नहीं, कांगड़ा जिला धार्मिक व साहसिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाओं के चलते इसका समुचित दोहन करना भी राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App