दो दशक बाद सोलन ने ओढ़ी सफेद चादर

By: Mar 11th, 2017 12:07 am

news newsसोलन —  ऐसा करीब दो दशक के बाद हुआ है कि सोलन जिला में मार्च महीने में बर्फबारी हुई हो। शुक्रवार को सोलन जिला के चायल, करोल पर्वत व बड़ोग सहित कई इलाकों को बर्फ ने सफेद चादर से ओढ़ लिया। बर्फबारी के कारण पूरे जिले में शीतलहर दौड़ गई है, वहीं सोलन शहर में सुबह से ही बारिश का सिलसिला भी जारी रहा। जानकारी के अनुसार सोलन जिला में मार्च महीने में हुई बर्फबारी से लोग हैरान है। शुक्रवार सुबह जब लोगों ने देखा तो सोलन की पहाडि़यों पर सफेद चादर लिपटी हुई मिली। गौर रहे कि मार्च महीने में यह बर्फबारी करीब दो दशक के बाद हुई है। इससे पहले सोलन में कभी भी मार्च महीने में बर्फबारी होते हुए नहीं देखा गया है। शुक्रवार सुबह चायल, करोल, बड़ोग व डमरोग में बर्फबारी होती रही। सोलन जिला में हुई बर्फबारी ने एक बार फिर लोगों को दिसंबर की याद दिला दी है। शुक्रवार को दिनभर शहर में बारिश का सिलसिला जारी रहा। तापमान में आई भारी गिरावट के चलते जिला में ठंड का प्रकोप एक बार फिर से बढ़ गया है, जिसके चलते आने वाले दिनों में भी लोगों को ठंड का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। सोलन शहर में हुई बारिश व पहाडि़यों पर हुई बर्फबारी के चलते शुक्रवार को शहर में कम ही चहल-पहल रही। ठंड व बारिश होने के कारण लोग अपने घरों में ही दुबके रहे।

अभी जारी रहेगी ठंड

सोलन जिला के पर्यटन नगरी चायल में शुक्रवार को करीब दो इंच बर्फबारी हुई, वहीं सोलन के करोल की पहाड़ी को भी बर्फ से ढका हुआ देखा गया। करीब  दो दशक के बाद ऐसे बर्फबारी होने से लोग काफी उत्साहित दिखे। शुक्रवार को सोलन जिला का अधिकतम तापमान 16 डिसे रिकार्ड किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान पांच डिसे तक पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी कई जगहों पर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है।

ठंड के चलते घरों में दुबके रहे लोग

शुक्रवार को बारिश व ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को घरों में ही दुबके हुए देखा गया। शहर में दिनभर लोगों की कम ही चहल-पहल देखने को मिली। जिला भर में हुई बारिश के चलते अब आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से निपटने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App