धूप के बाद ठंडी-ठंडी हवाएं

By: Mar 18th, 2017 12:05 am

शिमला  – शिमला में शुक्रवार दिन धूप खिली रही। मगर शाम के समय बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के चलने से ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग की माने तो जिला में 23 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मगर माह के आखिरी सप्ताह के दौरान मौसम में करवट की संभावनाएं जताई जा रही हैं। बीते 24 घंटों के दौरान जिला शिमला के खदराडा में हिमपात रिकार्ड किया गया। जबकि जिला के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। खदराड़ा में 6.0 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है। जिला में सबसे अधिक बारिश सराहन में 23.3 मिलीमीटर आंकी गई। रामपुर, कुमारसेन, रोहड़ू, जुब्बल और शिमला में भी बारिश हुई। बारिश व बर्फबारी से शिमला के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 4.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसमें गुरुवार के मुकाबले एक डिग्री तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। जबकि धूप खिलने से अधिकतम तापमान में हल्का उछाल आया है। हालांकि धूप खिलने से जिला में दिन गर्म हुआ है। मगर न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सुबह व शाम के समय अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 23 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। बहरहाल जिला में धूप खिलने से ठंड से काफी राहत मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App