नशे के खिलाफ प्रदर्शन 18 को

By: Mar 14th, 2017 12:05 am

ऊना —  भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की बैठक रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह ऊना में संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बलबीर बग्गा ने की, जबकि सदर विधायक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक के दौरान माफिया राज हटाओ हिमाचल बचाओ अभियान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। सतपाल सत्ती ने कहा कि इस अभियान के तहत भाजपा जिला व मंडल स्तर पर रैलियां निकालकर नशा माफिया के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी के तहत ऊना भाजपा विधानसभा क्षेत्र हरोली में 18 मार्च को रैली निकालकर प्रदर्शन करेगी। हरोली में नशे के खिलाफ होने वाली इस रैली की तैयारी के लिए भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल विशेष रूप से उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को नशा माफिया व इन्हें संरक्षण देने वाली प्रदेश सरकार से छुटकारा मिले इसलिए यह अभियान पूरे प्रदेश भर में चलाया जा रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नशा माफिया को पूर्ण रूप से संरक्षण दिया है। अकेले हरोली विधानसभा क्षेत्र में ही न जाने कितने युवाओं की मौत हुई है। हरोली में चिट्टा माफिया की जड़ें इस तरह फैल गई हैं कि इस पर काबू पाना जरूरी हो गया है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बलबीर बगा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भाजपा की जीत तथा अन्य राज्यों में चुनावों के दौरान भाजपा की अच्छे प्रदर्शन की सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा के प्रभारी श्रीकांत ने भी भारी मतों से जीत हासिल की है। अब हिमाचल में भी भाजपा का परचम लहराएगा। इस अवसर पर कुटलेहड़ विधायक वीरेंद्र कंवर, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, प्रो. रामकुमार, बलबीर चौधरी, सुशील कालिया, भाजपा नेता ओंकारनाथ शर्मा, कमलेश कुमारी, संतोष सैणी, यशपाल राणा, विजय चौधरी, राजकुमार पठानिया, नर्मदा जसवाल, मंजु जरियाल, सरिता चौधरी, बलराल बबल, लखबीर लक्खी, रजनी मनकोटिया, तरसेम लाल, जगजीत सिंह, अमृतलाल भारद्वाज, खड़ग सिंह, रमेश चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App