पौने तीन लाख में दुकान

By: Mar 1st, 2017 12:05 am

मंडी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में इस बार महंगाई की खूब मार है। प्रशासन ने इस बार पड्डल मैदान में बेशक वाटरप्रूफ स्ट्रक्चर लगा दिया है,  लेकिन इसकी मार अब व्यापारियों पर पड़ रही है। हालांकि अभी पड्डल मैदान में सभी दुकानें भी नहीं भरी हैं, लेकिन जो भरी हैं, उनके दाम आसमान पर हैं। वहीं पड्डल में ऐसी एक जलेबी दुकान है, जिसने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जलेबी की यह दुकान पौने तीन लाख रुपए में बिकी है। इस दुकान में जलेबी के साथ ही अन्य प्रकार मिठाइयां भी उपलब्ध हैं, लेकिन इसके दाम सुनकर सब हैरान हैं। वहीं दुकान की विशेष बात यह भी है कि यहां पर यमुनानगर की शक्कर जलेबी 120 रुपए किलोग्राम में मिल रही है। इस जलेबी को बनाने के लिए स्पेशल यमुनानगर की सरस्वती मिल से शक्कर लाई गई है। यूं तो जलेबी का नाम सुनकर ही मुंह में जायका आ जाता है, लेकिन यह जलेबी मिठाई के अन्य सारे स्टालों में सबसे अलग है। इस दुकान में जलेबी को स्पेशल सोयाबीन तेल और यमुनानगर की शक्कर से बनाया जा रहा है। यह स्टाल पड्डल मैदान में एक सबसे बड़ा मिठाई का स्टाल है। स्टाल के मालिक भूपेंद्र कुमार का दावा है कि ऐसी जलेबी पूरे शहर में कहीं और नहीं मिलेगी। इसके साथ इस स्टाल में पकौड़े, शक्करपारे और बर्फी भी उपलब्ध है। यह सभी पकवान स्पेशल शिवरात्रि महोत्सव के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह जलेबी लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। यह जलेबी स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह से फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि दुकान के दाम बेशक ज्यादा है, लेकिन उनकी पसंद यही जगह थी और इस कारण यह महंगी पड़ी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App