भाजपा का लक्ष्य कांग्रेस मुक्त भारत बनाना

By: Mar 27th, 2017 12:02 am

कुरुक्षेत्र में अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, मिलकर काम करने की अपील

कुरुक्षेत्र —  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि पार्टी का लक्ष्य जातिवाद, भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद तथा कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है। श्री शाह रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समर्पण भाव से कड़ी मेहनत के बूते इस लक्ष्य को पूरा करने में योगदान देंगे। भाजपा इस वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष को राष्ट्रीय कार्य विस्तार योजना के रूप में मना रही है। इसलिए विस्तार की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के जिम्मे है। इससे पहले धर्मनगरी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री शाह तथा राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, सांसद रतन लाल कटारिया, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और अन्य पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। समापन सत्र में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा अध्यक्षता मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की। श्री शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि विस्तार योजना अत्यंत महत्त्वपूर्ण है और इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत क बल पर सफल बनाया जा सकता है। श्री खट्टर ने कहा कि भाजपा ने पारदर्शिता एंव सुशासन के नारे से सत्ता संभाली थी। सबका साथ-सबका विकास के नारे से प्रदेश में क्षेत्रवाद एवं राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। प्रदेश में 120 जन कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें से ज्यादातर पूरी हो चुकी हैं और अन्य पर कार्य चल रहा है।

 हरियाणा के स्कूलों में नई योजना अगले सत्र से

चंडीगढ़ — हरियाणा शिक्षा विभाग आगामी शैक्षणिक सत्र में 50 विद्यालयों की पहचान कर नई योजना शुरू करेगा, जिसके तहत पूरा साल इन स्कूलों के बच्चे बिना बस्ते के आएंगे। बच्चों की पुस्तकें स्कूल में ही रखी जाएगी और प्रयोग सफल रहा तो पूरे प्रदेश में इस योजना को लागू किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रणव किशोर दास ने रविवार को कहा कि विद्यालयों को अधिक तनावमुक्त तथा खुशनुमा माहौल बनाना विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है, ताकि बच्चों की शिक्षा तथा शिक्षण में रुचि बढ़े ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App