भारत ने नकारी अमरीका की लिस्ट

By: Mar 26th, 2017 12:02 am

ट्रंप प्रशासन की सौंपी 271 अवैध भारतीय प्रवासियों की सूची सुषमा स्वराज को नामंजूर

नई दिल्ली— अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन ने अब भारतीयों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अमरीका की ओर से भारत को 271 अवैध प्रवासियों की एक लिस्ट सौंपी गई है। यह 271 भारतीय ऐसे भारतीय हैं जो अवैध तरीके से अमरीका में बसे हैं। इस मुद्दे पर भारत की ओर से जो जवाब दिया गया है उससे साफ है कि अब अमरीका और भारत के बीच विवाद शुरू हो गया है। ट्रंप प्रशासन ने दावा किया है कि 271 लोग भारत के अवैध प्रवासी हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस पर साफ-साफ कहा है कि लिस्ट भारत को मंजूर नहीं है। विदेश मंत्री की ओर से कहा गया है कि भारत को इस मसले पर और अधिक जानकारी चाहिए। अमरीका से और ज्यादा जानकारी मांगी गई है। भारत सरकार का कहना है कि जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही उन्हें अमरीका से भेजे जाने के लिए एमर्जेंसी सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। इस पूरे मसले पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा है कि अमेरिकी अधिकारियों ने कुछ समय पहले कहा था कि भारत को जो आंकड़ें मुहैया कराए गए हैं उनमें से 271 मामलों का समाधान नहीं हुआ है। हालांकि इन मामलों की कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई गई।

संपर्क में अधिकारी

अमरीका में गुरुवार रात आंध्र प्रदेश की महिला एन शशिकला उनके सात वर्षीय बेटे की हत्या के बारे में पूछे जाने पर भी बागले ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि भारत अमरीकी अधिकारियों के संपर्क में है। भारतीय वाणिज्य दूतावास परिवार को सभी संभव मदद मुहैया कराने को तैयार है। बता दें कि न्यू जर्सी में एन शशिकला की उनके बेटे समेत घर में ही हत्या कर दी गई है। आंध्र प्रदेश की रहने वाली शशिकला पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं और पिछले 12 वर्षों से अमेरिका में रह रही थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App