भोरंज उपचुनाव के लिए कांग्रेस सेवादल तैयार

By: Mar 21st, 2017 12:01 am

शिमला — भोरंज उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस सेवादल ने कमर कस ली है। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा ने चुनाव गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों रोशन लाल शर्मा, किशोरी लाल वर्मा, नरेश लखनपाल तथा जगजीत ठाकुर को उपचुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये चारों पर्यवेक्षक पूरे विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर जाकर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं के साथ चुनाव प्रचार की रणनीति बनाकर कार्य करेंगे। प्रदेश कांग्रेस सेवादल कार्यालय के साथ-साथ पार्टी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को चुनाव प्रचार की रिपोर्टिंग करेंगे। वहीं प्रदेश मुख्य संगठक ने प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिला हमीरपुर के प्रभारी प्रकाश महाजन की अध्यक्षता में समन्वय समिति का गठन किया है, जिसमें प्रदेश संगठन मंत्री राजीव चोपड़ा, संजीव ठाकुर, पवन चौधरी, कुशल ठाकुर, जिला मुख्य संगठक हमीरपुर मदन लाल कौंडल, जिला महिला संगठक सुदेश चंदेल, ब्लॉक मुख्य संगठक भोरंज बलदेव जसवाल तथा ब्लॉक महिला संगठक भोरंज सरोज कुमारी को शामिल किया गया है। अनुराग शर्मा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पास मजबूत संगठन है और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश का एक समान विकास किया है। समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App