भोरंज में हर बार कांग्रेस को अपनों की मार

By: Mar 24th, 2017 12:02 am

चुनाव में भितरघात ने पार्टी को भेदने नहीं दिया भाजपा का अभेद्य दुर्ग

हमीरपुर— प्रत्याशियों की प्रयोगशाला बने भोरंज विधानसभा क्षेत्र में हर बार नया चेहरा उतारना कांग्रेस के लिए भारी पड़ रहा है। हर चुनाव में नया प्रत्याशी घोषित हो रहा है और उसे हराने के लिए अपनी ही पार्टी के लोग सक्रिय हो जाते हैं। वर्ष 1990 में कांग्रेस ने तत्कालीन राजस्व मंत्री चौधरी धर्म सिंह को टिकट दिया। सत्ता विरोधी लहर के चलते चौधरी धर्म सिंह हार गए और पहली बार आईडी धीमान भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते। बाबरी मस्जिद के चलते हिमाचल सरकार गिर गई और 1993 में मध्यवर्ती चुनाव हुए। इस बार कांग्रेस ने चौधरी धर्म सिंह के बेटे नीरज चौधरी को टिकट थमाकर चुनावी रण में उतार दिया। प्रत्याशी बदलने का यह प्रयोग कांग्रेस पर भारी साबित हुआ और भाजपा के आईडी धीमान दूसरी बार जीत गए। वर्ष 1998 में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी प्रयोगशाला से प्रेम कौशल के रूप में नया प्रत्याशी उतार दिया। जिला कांग्रेस ने उनकी टिकट का जमकर विरोध किया, नतीजतन प्रेम कौशल 5400 वोटों से चुनाव हार गए और आईडी धीमान ने भोरंज में जीत की हैट्रिक लगा दी। इसी दौरान कांग्रेस के पूर्व राजस्व मंत्री चौधरी धर्म सिंह ने हिविकां का दामन थाम लिया और पूर्व में प्रत्याशी रहे उनके बेटे नीरज चौधरी भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद वर्ष 2003 के चुनावों में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी प्रयोगशाला से नया प्रत्याशी उतार दिया और सुरेश कुमार को टिकट दी गई। इस बार भाजपा को कड़ी टक्कर देते हुए सुरेश कुमार मात्र 1300 वोटों से चुनाव हार गए। भाजपा ने लगातार चौथी बार अपनी जीत का परचम लहराया। वर्ष 2007 में कांगे्रेस ने मामूली अंतर से हारे सुरेश कुमार पर ही अपनी दांव खेला, लेकिन इस बार 12 हजार से अधिक मतों से कांग्रेस को हार झेलनी पड़ी। इस चुनाव में पूर्व में प्रत्याशी रहे प्रेम कौशल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोंक दी थी और सात हजार वोट ले गए। 2012 में कांगे्रस ने एक बार फिर नए प्रत्याशी पर दांव खेल दिया और रमेश डोगरा को टिकट थमा दी। भितरघात के चलते रमेश डोगरा दस हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गए और आईडी धीमान छठी बार विधानसभा पहुंच गए। कांगे्रस ने अब एक बार फिर नया चेहरा मैदान में उतारा है, लेकिन इस बार तेज तर्रार महिला को टिकट दिया गया है। प्रयोग इस बार भी नया है, लेकिन प्रत्याशी युवा और पिछड़े वर्ग की महिला है।

अब तक की जीत-हार

वर्ष         कांग्रेस            भाजपा           जीत

1990      चौ. धर्म सिंह          आईडी धीमान         भाजपा

1993      नीरज चौधरी          आईडी धीमान         भाजपा

1998      प्रेम कौशल            आईडी धीमान         भाजपा

2003      सुरेश कुमार           आईडी धीमान         भाजपा

2007      सुरेश कुमार           आईडी धीमान         भाजपा

2012      रमेश डोगरा           आईडी धीमान         भाजपा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App