युद्ध संग्रहालय को संवारने का खाका तैयार

By: Mar 12th, 2017 12:05 am

धर्मशाला – देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों से जुड़े पहलुओं और देश के हिमाचली योद्धाओं के योगदान के बारे में आम जनता तक जानकारी पहुंचाने को युद्ध संग्रहालय का निर्माण कार्य चल रहा है। आगामी कुछेक माह में निर्माण कार्य को पूरा कर युद्ध संग्रहालय का शुभारंभ भी कर दिया जाएगा। धर्मशाला के युद्ध स्मारक के साथ बन रहे युद्ध संग्रहालय में प्रदेश भर के वीर योद्धाओं की जानकारी को अत्याधुनिक तकनीक से संग्रहालय में लगाया जाएगा। इसके लिए खाका तैयार कर लिया गया है। संग्रहालय में एट्री करते ही मुख्य द्वार के साथ म्यूरल स्थापित किया जाएगा इसमें सेना के तीनों विंगों के चिन्हों को एक साथ दर्शाया जाएगा। मुख्य प्रवेश द्वार से एंट्री करते ही दोनों तरफ की दीवारों पर प्रथम विश्व युद्ध से लेकर कारगिल युद्ध तक के सभी युद्धों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें युद्ध के कारणों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। इसके साथ प्रदेश के चार परमवीर चक्र विजेताओं के सेना की वर्दी में विष्ठ स्थापित किए जाएंगे। संग्रहालय के हाल की मुख्य दीवारों पर युद्धों के यादगार पलों या तस्वीरों की पेंटिंग के साथ सीन को प्रस्तुत किया जाएगा। संग्रहालय में युद्ध में प्रयोग में लाई जाने वाली सामग्री व हथियारों को भी रखा जाएगा। इतना ही नहीं , युद्ध में प्रयोग किए जाने वाले उपकरणों के मॉडल भी देखने को प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही संग्रहालय में मॉर्शल हिस्ट्री पर आधारित ऑडियो, वीडियो

और डाक्यूमेंटरी भी लोगों को दिखाई जाएगी।

पुस्तकालय का भी होगा निर्माण

पर्यटकों के लिए हिमाचल प्रदेश के सैन्य इतिहास व भारत की सीमाओं पर हिमाचली सपूतों के बलिदान पर आधारित पूरी जानकारी को डिस्पले किया जाएगा।    इसके साथ ही भारतीय सेना के बारे में अधिक जानने के लिए पुस्तकालय का निर्माण भी किया जाएगा। जिसमें की सेना व युद्धों से जुड़ी किताबों को संग्रहित किया जाएगा। इसी संग्रहालय में जल सेना, वायु सेना और थल सेना से जुड़े अहम तथ्यों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App