युद्ध संग्रहालय में सजाए जाएंगे राजाओं के अस्त्र-शस्त्र-वस्त्र

By: Mar 18th, 2017 12:05 am

धर्मशाला —  प्रदेश की दूसरी राजधानी में निर्माणाधीन युद्ध संग्रहालय में हिमाचली इतिहास से जुड़े राजाओं के अस्त्र, शस्त्र और वस्त्र भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।  इसके लिए एक रिसर्च टीम का गठन किया जाएगा। रिसर्च टीम हिमाचल में प्रयोग किए गए हथियारों से जुड़े हर एक ऐतिहासिक पहलू की खोज करेगी। राजाओं के समय से लेकर अब तक प्रयोग में लाए जाने वाले हथियारों को भी संग्रहालय में सजाया जाएगा। इतना ही नहीं, युद्ध के समय राजाओं व अन्य लोगों द्वारा प्रयोग में लाए गए वस्त्रों पर भी टीम रिसर्च करेगी। हिमाचली इतिहास से जुडे़ युद्धों की भी विस्तृत जानकारी संग्रहालय में दी जाएगी। संग्रहालय में हिमाचल प्रदेश में प्रयोग में लाए जाने वाले सभी हथियारों को दर्शाया जाएगा। प्रसिद्ध युद्धों में हिमाचली सपूतों के द्वारा दिए गए अहम योगदान को भी दीवारों पर पेश किया जाएगा। उस समय के हालात व सीन को बेहतरीन ढंग से पेंटिंग द्वारा दीवारों पर फिल्माया जाएगा। इसके साथ ही उस सीन की विस्तृत जानकारी भी अंग्रेजी व हिंदी में लिखित रूप में रखी जाएगी। संग्रहालय में हिमाचली वीर भूमि के शहीद जवानों के फोटो सहित पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। सैनिक कल्याण बोर्ड उपनिदेशक कांगड़ा मनोज राणा ने बताया है कि युद्ध संग्रहालय को संवारने के लिए एक रिसर्च टीम का गठन किया जाएगा, जो कि प्रदेश के इतिहास से जुडे़ अनोखे हथियारों पर खोज करेगी। संग्रहालय में मार्शल हिस्ट्री का आडियो-वीडियो डिस्प्ले अलग से प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ-साथ मार्शल हिस्ट्री और सैनिकों पर आधारित डाक्यूमेंटरी भी प्रस्तुत की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App