योगी लाएं परिवर्तन

By: Mar 20th, 2017 12:05 am

(जयेश राणे, मुंबई, महाराष्ट्र)

भाजपा को उत्तर प्रदेश में प्रचंड जनादेश मिलने के बाद पार्टी ने सत्ता की कमान योगी आदित्यनाथ को सौंपी है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले इस राज्य में हर जाति-धर्म के लोगों को साथ में लेकर चलने की बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी पर रहेगी। उस राज्य की सामाजिक, आर्थिक और विकास की स्थिति में सुधार लाने के लिए क्या प्रयास किए जाएंगे, इस पर देश की निगाहें लगी रहेंगी। योगी पहली बार इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो उन पर भी कुछ दबाव जरूर रहेगा। उत्तर प्रदेश अगर आगे बढ़ता है, तो देश को बड़ी मात्रा में आर्थिक सहयोग मिल सकता है। इतनी ताकत इस राज्य में है कि यह देश के आर्थिक विकास को नई दिशा दे सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल राज्य में जाति-धर्म की राजनीति का खेल खेलने के लिए ही होता रहा है। इससे इस राज्य का बड़ा नुकसान हुआ है। बड़ी संख्या में मिला जनादेश एहसास कराता है कि उत्तर प्रदेश की जनता को भाजपा से कितनी उम्मीदें हैं। जिस तरह वहां सत्ता परिवर्तन हुआ है, उससे यह समझना मुश्किल नहीं होगा कि जनता पहले वाली सरकार से नाराज थी। पिछली सरकार ने जो गलतियां की थीं, वह भाजपा न दोहराए। परिवर्तन तब होता है, जब लोगों को कई सारी तकलीफों की वजह से घुटन होती है और सही समय मिलने पर वह मन की बात ईवीएम के जरिए कह डालती है। लोगों ने अवसर मिलने पर परिवर्तन कर दिया, अब भाजपा की बारी है कि वह उत्तर प्रदेश में अच्छा परिवर्तन करके दिखाए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App