रज्जु मार्गों पर ध्यान दे सरकार

By: Mar 31st, 2017 12:01 am

सांसद शांता कुमार ने की पैरवी, चुनावों में फिर रह जाएगी योजना

पालमपुर —  पूर्व मुख्यमंत्री और कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र से सांसद शांता कुमार ने प्रदेश सरकार से राज्य में पर्यटन विकास के लिए रज्जु मार्गों के निर्माण पर बल देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनछुए पर्यटन स्थलों को रज्जु मार्गों से जोड़कर हिमाचल का देशभर में एक संपन्न राज्य के रूप में विकास किया जा सकता है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को प्रेषित एक पत्र में शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के कुछ रमणीक पर्यटन स्थलों को रज्जू मार्गों से जोड़ने का अनुरोध वह कई बार पहले भी कर चुके हैं, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है। उन्होंने चिंता व्यक्त की है कि सरकार अब चुनावों में व्यस्त हो जाएगी और रज्जु मार्गों का यह विषय पुनः धरा रह जाएगा। सांसद शांता कुमार का कहना है कि विश्व में सबसे अधिक विकसित होने वाला उद्योग पर्यटन ही है और इस उद्योग में सबसे अधिक रोजगार की संभावनाएं भी हैं। निवेशक हिमाचल जैसे सुंदर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें प्रशासनिक औपचारिकताओं के झंझट से मुक्त करना होगा और कुछ अधिक आर्थिक सहूलियतें प्रदान करनी होंगी। प्रदेश के प्राकृतिक वातावरण में भी प्रदूषण बढ़ने लगा है, नगरों में बढ़ती आबादी के कारण गंदगी के ढेर लगने लगे हैं। यदि हम इस संपदा का यथोचित प्रयोग करें, तो हिमाचल को संपन्न प्रदेश बनाया जा सकता है और हिमाचल स्विट्जरलैंड की तरह विश्व के मानचित्र पर आ सकता है।

दुबई से याद आया

शांता कुमार ने कहा कि यह पत्र लिखने की प्रेरणा उन्हें पिछले दिनों दुबई प्रवास के दौरान मिली, जहां वह और उनकी धर्म पत्नी अपनी बेटी के परिवार से मिलने गए थे। दुबई समुद्र से घिरा हुआ रेगिस्तान का एक छोटा सा देश है, जहां न पीने का पानी है और न कुछ वहां पैदा होता है, लेकिन दूसरे देशों से मिट्टी आयात कर उन्होंने धरती बनाई और सुंदर बाग-बागीचे लगाए। रेगिस्तान में तितलियों का बागीचा खुद में एक अचंभा है। बहुत बड़े स्थान में हरा-भरा महकता बागीचा और उसमें रंग-बिरंगी तितलियां पर्यटकों का स्वागत करती हैं। विश्व भर के पर्यटकों के लिए दुबई आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App