वीरभद्र सरकार में लीक होते हैं पेपर

By: Mar 17th, 2017 12:05 am

धर्मशाला  —  भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गतिविधियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला भाजपा की  बैठक पार्टी के अध्यक्ष संजय चौधरी की अध्यक्षता में जोधामल सराय डिपो बाजार में हुई। बैठक में भाजपा के जिला कांगड़ा के प्रभारी हेमांशु मिश्रा, संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री संजय ठाकुर और प्रदेश मीडिया सहप्रभारी राकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक में धर्मशाला मंडल की 22 मार्च को होने वाली रैली की तैयारियों की चर्चा की गई। इसके अलावा छह अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस को बूथ स्तर पर मनाने का फैसला किया गया।  जिला अध्यक्ष संजय चौधरी ने उत्तर प्रदेश उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के चुनावों में मिली सफलता की बधाई देते हुए हिमाचल में उत्तर प्रदेश जैसी सफलता दोहराने का संकल्प किया।  जिला प्रभारी हिमांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में कुशासन की पराकाष्ठा हो गई है। शिक्षा बोर्ड के पेपर चोरी हो रहे हैं, गलत बंट रहे हैं वहीं प्रकृति चेतना केंद्र से तेंदुए भगवा दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा की 1987, 1996 में भी स्कूल शिक्षा बोर्ड के पेपर चोरी हुए थे या लीक हुए थे और उसके बाद चुनावों में कांग्रेस चुनाव हार गई थी। हर बार वीरभद्र सरकार में पेपर लीक हुए, गोपालपुर में जानवरों को मांस की जगह घास मिल रहा है और चंद ठेकेदार अधिकारी चांदी कूट रहे हैं।  कांग्रेस वहीं गलती कर रही है, जो मनमोहन सरकार ने लोकसभा चुनावों से पहले की थी।   बैठक में चंद्र भूषण नाग, सुनील मनोचा, कमला पटियाल, राम चंद भाटिया, संजय शर्मा, अश्वनी शास्त्री, रमेश बरार, विजय शर्मा, कुलदीप शर्मा, विकास चौधरी, उत्तम चौधरी, हिंद वीर कोहली, सोनी और नैनो देवी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित हुए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App