शान से निकली माधव राय की पालकी

By: Mar 1st, 2017 12:07 am

newsमंडी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव पर मंगलवार को दूसरी शाही जलेब का आयोजन किया गया। दूसरी शाही जलेब भी पूरी शानो-शौकत के साथ निकली और डेढ़ दर्जन के लगभग देवी-देवताओं और सैकड़ों देवलुओं ने इसमें शिरकत की। दूसरी जलेब में देवलुओं ने नाचते गाते खूब आनंद लिया। दूसरी जलेब में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। स्वास्थ्य मंत्री ने कौल सिंह ठाकुर ने जलेब में शामिल होने से पहले माधव राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद माधव राय मंदिर से आरंभ होकर जलेब पड्डल मैदान में संपन्न हुई। दूसरी जलेब में भी राज देवता माधोराय पालकी में सवार होकर निकले। उनके दर्शनों को सैकड़ों लोग शहर में उमडे़। वहीं दूसरी जलेब में पुलिस घुड़सवारों के बाद पुलिस बैंड, पुलिस जवानों की टुकड़ी और उसके बाद देवी-देवता शामिल हुए, जिसमें श्री देव छांजणू, घटोत्कछ, श्री देवी अंबिका, मगरू महादेव, चपलांदू नाग, कापला नारायण, देव चुंजवाला, और अन्य सभी प्रमुख देवी-देवताओं ने शिरकत की। वहीं जलेब के अंत में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, सीपीएस मनसा राम, उपायुक्त मंडी संदीप कदम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा, सुंदरनगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पवन ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष चंपा ठाकुर, दं्रग कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर, चंद्रशेखर ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम शर्मा और पार्षद गण शामिल रहे। दूसरी जलेब को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग शहर में उमडे़। वहीं पड्डल में इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि देव समागम के इस अनूठे महोत्सव में जहां श्रद्धालुओं को मंडी जनपद के देवी-देवताओं के दर्शन करने का अवसर प्राप्त होता है, वहीं लोगों को छोटी काशी और इसके ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक संस्कृति की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने कहा कि राजतंत्र के समय से मंडी राज्य के अधिपति बने राज माधव अथवा माधोराय आज भी मंडी जनपद के देवी-देवताओं के आराध्य हैं। वहीं इस अवसर पर उपायुक्त मंडी संदीप कदम ने महोत्सव के आयोजन की जानकारी दी और मुख्यातिथि का स्वागत किया।

नेरचौक कालेज में इसी साल क्लासें

मंडी – प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा है कि लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज व अस्पताल नेरचौक में इसी वर्ष से कक्षाएं शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि इसकी तैयारी अब पूरी हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी शाही जलेब में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने पड्डल मैदान में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडी के लिए मेडिकल यूनिवर्सिटी की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा इसी उत्सव के शुभारंभ अवसर पर की गई है। उन्होंने कहा कि चार वर्षों के दौरान मंडी जिला में 19 प्राथमिक और पांच स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए।  उन्होंने कहा कि पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सिविल अस्पताल का दर्जा प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि गत चार वर्षों में मंडी जिला में नागरिक चिकित्सालय जोगिंद्रनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जंजैहली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्योह, सज्जाओपिपलु, बल्ह, टिक्कर, सुधार, छम्यार, खुराहल और चिकित्सक आवास परिसर मंडी के भवनों सहित कुल 131 स्वास्थ्य भवनों का निर्माण किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App