सड़क पक्की नहीं तो करेंगे अनशन

By: Mar 1st, 2017 12:05 am

पटड़ीघाट – उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत गैहरा के प्रधान विकास वर्मा ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गैहरा पंचायत के प्रधान विकास वर्मा ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले स्थानीय लोगों व पटड़ीघाट के उपप्रधान द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी  अभियंता सरकाघाट का घेराव किया गया था, जिसमें उन्होंने पटड़ीघाट, गैहरा से चंदेश सड़क को पक्का करने की मांगी की थी, परंतु आज एक वर्ष बीत जाने पर भी विभाग द्वरा कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। प्रधान ने चेतावनी दी है कि अगर सड़क शीघ्र पक्की नहीं की गई तो वह आंदोलन शुरू करते हुए अनशन पर बैठ जाएंगे। स्थानीय पंचायत के प्रधान का कहना है कि लगभग तीन दशकों से यह सड़क पक्का करने के लिए दोनों राजनीतिक पार्टियों के बीच में पीसी जा रही है। विधानसभा क्षेत्र सरकाघाट के मुख्य द्वार कहे जाने वाले पटड़ीघाट से होती हुई सरकाघाट को सबसे नजदीक जोड़ती है। इस सड़क पर पांच पंचायतें आती हैं, जिसका लगभग बीस हजार की आबादी को लाभ होने के साथ सरकाघाट के अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी मंडी जाने के लिए नजदीक होने का फायदा मिलता है। इस सड़क की चंदेश से पटड़ीघाट की  कुल दूरी मात्र 13 किलोमीटर है। प्रधान गैहरा पंचायत विकास वर्मा ने कहा सड़क की खस्ता हालात के कारण स्थानीय जनता का राजनीतिक दलों के प्रति गहरा आक्रोश है। गैहरा पंचायत के प्रधान विकास वर्मा का कहना है कि अगर विभाग द्वारा इस सड़क को पक्का करने का कार्य शीघ्र अति शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे और जब तक उद्देश्य पूर्ण नहीं होगा, तब तक अनशन समाप्त नहीं करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App