सरकारी स्कूलों में घट रहे छात्र

By: Mar 30th, 2017 12:01 am

महज आठ लाख 89 हजार 642 बच्चे, पहले थे दस लाख से ज्यादा

शिमला— प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में लगातार बच्चों की संख्या घट रही है। सरकारी विद्यालयों में मौजूदा साल में आठ लाख 89 हजार 642 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2013-14 में दस लाख सात हजार 196 बच्चे इन विद्यालयों में पढ़ रहे थे, जबकि वर्ष 2014-15 में इनकी संख्या 959147 थी। इसी तरह से वर्ष 2015-16 में इनकी संख्या कम होकर नौल लाख 31 हजार 642 रह गई। यह जानकारी एक लिखित सवाल के उत्तर में सदन में दी गई। विस्तृत जानकारी में बताया गया है कि बिलासपुर जिला में कुल 850 प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं। इसी तरह से उपरोक्त स्तर के स्कूल चंबा में 1645, हमीरपुर में 757, कांगड़ा में 2540, किन्नौर में 264, लाहुल-स्पीति में 270, मंडी में 2477, शिमला में  2347, सिरमौर में 1452, सोलन में 1088 तथा ऊना जिला में 763 सरकारी स्कूल हैं। इसके अलावा राज्य में निजी व्यक्तियों, संस्थाओं द्वारा भी विद्यालय चलाए जा रहे हैं, जिनमें बिलासपुर में 269, चंबा में 213, हमीरपुर में 359, कांगड़ा में 1133, किन्नौर में 56, कुल्लू में 282, लाहुल-स्पीति में छह, मंडी में 674, सिरमौर में 222, सोलन में 370 तथा ऊना जिला में 253 स्कूल विभिन्न स्तरों के हैं।

आदर्श स्कूलों को 30 करोड़ का बजट

राज्य में आदर्श विद्यालयों की स्थापना के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इन स्कूलों के लिए मौजूदा वित्त वर्ष में 30 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। सरकार द्वारा इन स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं के तहत स्मार्ट क्लासरूम, मॉडल कम्प्यूटर लैब, पुस्तकालय का विस्तार तथा खेल सुविधाओं के लिए काम किया जाता है। मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना के तहत पाठशालाओं की चयन की प्रक्रिया जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App