सरकार, तीन साल का हो कांट्रैक्ट

By: Mar 30th, 2017 12:01 am

शिमला —  हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत अनुबंध कर्मचारी अनुबंध अवधि को पांच से घटाकर तीन वर्ष करने की मांग पर अड़ गए हैं। इस मांग को प्रदेश सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाने के लिए एक बैनर तले (हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ) एकजुट हुए। इसमें सर्व सहमति से सूरज चौहान (शिक्षा विभाग) को प्रदेशाध्यक्ष, सुमित कुमार (बिजली विभाग) को महासचिव, कुशल ठाकुर (सचिवालय) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जितेंद्र शर्मा (एडवोकेट जनरल कार्यालय), नवीन ठाकुर (प्रारंभिक शिक्षा विभाग) और गीता राम (वन विभाग) उपाध्यक्ष, अवनीत सरकेक को वित्त सचिव, रविकांत को सचिव, सुशील चंदेल, एसडी कश्यप को प्रेस सचिव,  अरुण नारटा, पवन कुमार और मुनीष कपूर को चुना गया। पदाधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ को मान्यता हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ से प्रदान की गई है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ ने एसएस जोगटा प्रदेशाध्यक्ष (हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ) का आभार प्रकट किया है। इस मांग को लेकर राज्य इकाई के प्रतिनिधि युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह  अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस से मिले हैं। हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष सूरज चौहान ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार अनुबंध कर्मचारियों का अनुबंध कार्यकाल तीन वर्ष करती है तो प्रत्यक्ष रुप से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत लगभग 40 हजार अनुबंध कर्मचारियों को लाभ प्राप्त होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App