सीएम बनने का सपना छोड़ें धूमल

By: Mar 28th, 2017 12:01 am

सरकाघाट में युवा संकल्प रैली में बोले विक्रमादित्य सिंह

 सरकाघाट  —  अगर वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री नहीं बनते हैं, तो उन्हें कोई फर्क नहीं पडे़गा, बल्कि इसका खामियाजा जनता को भुगतना पडे़गा। फिर प्रदेश में एक समान विकास नहीं होगा, बल्कि क्षेत्रवाद की राजनीति होगी।  ये शब्द प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने सरकाघाट में युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव यदुपति ठाकुर द्वारा आयोजित युवा संकल्प रैली में कहे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता प्रेम कुमार धूमल सीएम बनने का सपना छोड़ राज्यपाल बनने के लिए दिल्ली में पैरवी करें, क्योंकि प्रदेश में भी पंजाब में विधानसभा चुनावों के परिणामों की तरह प्रचंड बहुमत से कांग्रेस सत्ता हासिल करेगी और वीरभद्र सिंह सातवीं बार प्रदेश की बागडोर संभालेंगे। उन्होंने प्रेम कुमार धूमल पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रो. धूमल प्रदेश के कोने-कोने में जाकर लोगों को अब क्षेत्रवाद के नाम पर बांट रहे हैं, लेकिन इस बार उनका यह फार्मूला नहीं चलेगा। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास में नए आयाम स्थापित करने में कोई भेदभाव नहीं किया है। हर विस क्षेत्र में एक समान विकास मुख्यमंत्री ने करवाया है। उन्होंने कहा कि अब तो सरकार बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता भी देने जा रही है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकाघाट क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता से कार्य करना पडे़गा। क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री रंगीला राम राव का नाम लेकर उनके पिछले 40 साल के राजनीतिक सफर में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत के साथ रिपीट होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App