सुन्हाणी में सजा दरबार

By: Mar 27th, 2017 12:07 am

blp 11 copyघुमारवीं – लोगों को घरद्वार पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, जिसके लिए निरंतर प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रविवार को जिला बिलासपुर के एकदिवसीय दौरे के दौरान झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुन्हाणी के प्रांगण में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के लोगों की सड़क, बिजली, पेयजल तथा ग्रामीण विकास से संबंधित समस्याएं सुनते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास उऩकी सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अधिकतर समस्याओं का मौके पर निवारण करने के उपरांत शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए आश्वस्त किया। इस संदर्भ में उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उसके बाद मुख्यमंत्री ने घुमारवीं स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही समाधान भी किया। इससे पहले सुन्हाणी हेलिपैड पर मुख्य संसदीय सचिव (वन) राजेश धर्माणी सहित जिलाधीश ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक राहुल नाथ, पूर्व विधायक डा. बीरूराम किशोर, मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष विवेक कुमार सहित कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस सेवादल के जिला पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने सुन्हाणी से लेकर घुमारवीं, निहारी, दधोल, भराड़ी तथा लदरौर तक मुख्यमंत्री का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। घुमारवीं उपमंडल के प्रेस क्लब के सदस्यों ने घुमारवीं में प्रेस क्लब के भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और मांग पत्र भी सौंपा। मुख्यमंत्री के दौरे से अब लोगों को अपनी-अपनी समस्याएं हल होने की उम्मीद जगी है।

टिश्यू कल्चर फार्म का अवलोकन

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रवास के दौरान दधोल स्थित रजत बायोटेक टिश्यू कल्चर फार्म का भी अवलोकन किया और बिलासपुर जैसे गर्म वातावरण में सेब की नर्सरी तैयार करने व सेब पैदा करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से प्रदेश का सिर देश भर में शान से उठता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App