सैन्याभ्यास को बकलोह पहुंचे ओमान के फौजी

By: Mar 6th, 2017 12:01 am

आज से शुरू होगी ट्रेनिंग, 19 मार्च तक भारतीय सैनिकों संग बहाएंगे पसीना

बकलोह(चंबा) –  सैन्य अभ्यास के लिए ओमान के सैनिक बकलोह पहुंच गए हैं। भारत-ओमान के साठ जवान सोमवार से बकलोह स्थित धौलाधार रेंज में संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए जुटेंगे। यह संयुक्त सैन्य अभ्यास छह से आरंभ होकर 19 मार्च तक जारी रहेगा। यह दोनों देशों का दूसरा संयुक्त सैन्य अभ्यास होगा। इससे पहले ओमान में जनवरी, 2015 में दोनों देशों ने संयुक्त अभ्यास किया था। यह अभियान दोनों देशों के बीच सैन्य क्षेत्र में सहयोग के समझौते के तहत आयोजित किया जा रहा है। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता के अनुसार अभ्यास में दोनों देशों के लगभग साठ जवान शामिल होंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सैन्य रिश्ते और दक्षता को बढ़ाने के साथ दोनों देशों की सेनाओं के बीच ज्ञान और अनुभवों के आदान-प्रदान से गुणवत्ता में सुधार करना है। 14 दिन के सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना रॉक-राफ्ट, आतंकवाद निरोधी अभियान और इस प्रकार के अभियानों में कम दूरी में घेराबंदी व घरों में हस्तक्षेप प्रक्रिया पर जानकारी हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि आंतकवाद रोधी अभियानों में भारतीय सेना काफी दक्षता हासिल किए हुए। इसी उद्देश्य के तहत छह से 19 मार्च तक बकलोह छावनी क्षेत्र में इंडो-ओमान संयुक्त सैन्य अभ्यास में साठ जवान विभिन्न जानकारियों को आपस में साझा करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App