हिमाचल में हवाई सफर महंगा

By: Mar 14th, 2017 12:01 am

विमानन कंपनियां मनमर्जी से वसूल रहीं यात्रियों से किराया

धर्मशाला —  दिल्ली से हिमाचल आने वाले पर्यटकों से हवाई यात्रा के लिए ज्यादा  दाम वसूले जा रहे हैं। इससे पर्यटक नगरी पहुंचने वाले पर्यटकों को आर्थिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। एयरलाइंस कंपनियों द्वारा बढ़ाए गए टिकट के दाम के चलते अब पर्यटक भी  इस स्थल की ओर से परहेज करने लगे हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अपर धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बांबा ने आरोप लगाते हुए कहा कि  कांगड़ा के लिए सेवाएं दे रहीं विमानन कंपनियां यहां आने वाले पर्यटकों से ज्यादा किराया वसूल कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऑफ सीजन में इन विमानन कंपनियों द्वारा कम किराया लिया जाता है, जबकि पर्यटक सीजन के दौरान अचानक किराए में बढ़ोतरी कर दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एयरलाइंस कंपनियों के बढ़ाए गए किराए के चलते पर्यटक अमृतसर सहित अन्य राज्यों की ओर जा रहे हैं। विदेशी पर्यटक कम किराया देकर दिल्ली पहुंचते हैं, लेकिन कांगड़ा के लिए सेवाएं दे रही विमानन कंपनियां उनसे दोगुना किराया वसूल रही हैं। दिल्ली से अमृतसर का किराया 5500 से लेकर 6000 रुपए के करीब लिया जा रहा है, जबकि गगल के लिए यही किराया 13 से 19 हजार के बीच वसूला जा रहा है। उन्होंने इस मामले में पर्यटन विभाग से भी हस्तक्षेप करने की मांग उठाई है।  उधर, डिप्टी डायरेक्टर पर्यटन विभाग, कांगड़ा जगन ठाकुर ने कहा कि हवाई सेवाओं का किराया नागरिक उड्डयन मंत्रालय तय करता है। यदि होटल एसोसिएशन इस बारे में अपना पक्ष रखती है तो इस मामले को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App