हैप्पी सीडर से बिजाई करें किसान

By: Mar 12th, 2017 12:02 am

कृषि विज्ञान केंद्र दामला में वैज्ञानिक सलाहकार समिति ने बांटा ज्ञान

 यमुनानगर— चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र दामला की 21वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की विस्तार शिक्षा निदेशक डा. प्रवीन पूनिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में जिला के सभी विभागों के अध्यक्ष, कृषि एवं कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, पशु पालन व डेयरी विभाग, वन विभाग व अन्य संस्थाओं इफको, कृषकों, हरियाणा बीज विकास निगम के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र दामला के संयोजक एवं प्रधान वैज्ञानिक डा. बीआर कांबोज ने वर्ष 2016-17 में केंद्र द्वारा की गई विस्तार गतिविधियों की वार्षिक रिपोर्ट व वर्ष 2017-18 में किए जाने वाले कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया गया। वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक में मुख्यातिथि एवं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की विस्तार शिक्षा निदेशक डा. प्रवीन पूनिया ने अपने वक्तव्य में कृषि विज्ञान केंद्र दामला द्वारा की गई विस्तार गतिविधियां व प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यमुनानगर जिला फसल अवशेष प्रबंधन में अन्य जिलों से अग्रणी है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की मुख्य उपलब्धियों को किसानों के खेतों तक पहुंचाकर उनकी पैदावार के साथ-साथ आमदनी बढ़ाना है। बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र दामला के वैज्ञानिक डा. कांबोज ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन के अंतर्गत किसानों के खेतों पर हैप्पी सीडर से गेहूं की बिजाई के प्रदर्शन लगाए गए हैं, जिसमें किसानों ने अपनी गहरी रूचि दिखाई है। इस मौके पर एसपी सिंह ने मार्केटिंग की समस्या के बारे में चर्चा की। किसान पवन कांबोज व गुरमैल सिंह, सुरेंद्र सिंह व अन्य किसानों ने खेती पर विस्तार से चर्चा की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App