होली मेला सुजानपुर

By: Mar 11th, 2017 12:07 am

होली मेला सुजानपुरसुजानपुर टीहरा व्यास नदी के किनारे बसा हुआ एक सुरम्य उपनगर है, जो कटोच राजाओं की कर्म भूमि रहा है। छोटे-छोटे प्राकृतिक टीलों पर बसे छोटे-बड़े गांव इसको भव्यता प्रदान करते हैं, तो नगर के बीचोंबीच चौगान का विस्तृत प्रमाण इसे विशालता प्रदान करता है। भगवान श्री कृष्ण को समर्पित मुरली मनोहर मंदिर तथा भगवान शिव को समर्पित नागेश्वर मंदिर की दीवारों पर अंकित भित्ति चित्र, कलात्मक अनुराग को आज भी प्रदर्शित करते हैं। सुजानपुर टीहरा को इतिहास प्रसिद्ध बनाने का श्रेय कांगड़ा के कटोच वंशीय राजाओं को जाता है, जिन्होंने इस स्थल को अपनी राजधानी बनाने का निर्णय लिया और सुव्यवस्थित ढंग से यहां पर भव्य राजमहलों, भवनों व कलात्मक मंदिरों का निर्माण करवाकर देश के विख्यात विद्वानों व कलाकारों को यहां पर बसाया। सुजानपुर की स्थापना का कार्य 1761 ई. में राजा घमंड चंद ने शुरू किया था, जिसे पूरा करने का श्रेय प्राप्त हुआ उनके पोते महाराजा संसार चंद को। कृष्ण के अन्नय भक्त होने के नाते उन्होंने होली को यहां ब्रज की होली का स्वरूप प्रदान किया था और जिस प्रकार ब्रज में कभी राधा-कृष्ण समस्त गोप-गोपियों के साथ होली खेला करते थे, उसी प्रकार राजा संसार चंद महारानी व राज दरबारियों सहित अपनी प्रजा के साथ होली खेलने निकलते थे। इसी होली उत्सव की महत्ता को देखते हुए सरकार ने इसे राष्ट्रीय उत्सव का दर्जा प्रदान किया है। इस बार यह उत्सव 11 मार्च से 14 मार्च तक  आयोजित किया जा रहा है। सुजानपुर का प्रसिद्ध परंपरागत धार्मिक एवं ऐतिहासिक होली मेला इस बार और भी आकर्षक होगा ताकि लोगों का भरपूर मनोरंजन हो सके और पुरातन संस्कृति का भी संरक्षण किया जा सके। इस उत्सव के अवसर पर परंपरागत झांकियों, कुश्तियों व खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। सायंकाल में सांस्कृतिक कायक्रमों के दौरान स्थानीय कलाकार शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App