आज भी तेवर दिखाएगा मौसम

By: Apr 5th, 2017 12:01 am

मैदानी-मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में प्रचंड आंधी, ओलावृष्टि के भी आसार

शिमला  —  हिमाचल प्रदेश की धौलाधार पर्वत शृंखला पर मंगलवार को हल्की बर्फबारी हुई है। राज्य के कुल्ल, बिलासपुर, धर्मशाला व चंबा में हल्की बूंदाबांदी होने और प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तूफान चलने से लोगों ने प्रचंड गर्मी से कुछ हद तक राहत ली है। मौसम में आई करवट से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से ही मौसम खराब बना रहा। दिनभर आसमान में काले बादल घिरे रहे। हालांकि दिन के समय कुछ देर के लिए हल्की धूप खिली। मगर दोपहर बाद फिर से बादलों के घिरने और तेज हवाएं चलने से ठंड का एहसास हुआ। मौसम में आई गिरावट से ऊना को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। नाहन के तापमान में सर्वाधिक चार  डिग्री की गिरावट आई है। नाहन का अधिकतम पारा 32.5 डिगी से लुढ़ककर 28.8 डिग्री तक पहुंच गया है। सोलन के तापमान में दो, शिमला-सुंदरनगर के पारे में एक डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। ऊना के अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले तीन डिग्री की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.9, सुंदरनगर में 31.3, भुंतर में 31.0, कल्पा में 19.4, धर्मशाला में 27.4, ऊना में 37.0, नाहन में 28.8 और सोलन में 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को भी प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि होगी। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बर्फबारी और अनेक स्थानों पर बारिश होगी। जबकि राज्य भर में सात अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। राज्य में आठ अप्रैल से मौसम खुलने की उम्मीदें हैं।

बागबानों की उड़ी नींद

मौसम विभाग के पूर्वानुमान और मौसम में आई करवट ने बागबानों की नीदें उड़ा दी हैं। बागबानों को खतरा सता रहा है कि अगर ओलावृष्टि होती है तो कहीं उनकी मेहनत पर पानी न फिर जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App