कांग्रेस का हौसला बरकार, भाजपा तैयार

By: Apr 20th, 2017 12:05 am

कुल्लू  —  चार बड़े राज्यों में भाजपा की जीत के बाद अब प्रदेश में जीत हासिल करने को लेकर भाजपा नेताओं ने ग्राउंड लेवल पर काम करना शुरू कर दिया है। यहां हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता अपनी-अपनी गोटी फिट करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में साफ जाहिर है कि जिस तरह से मोदी का जादू सिर चढ़ कर अन्य राज्यों में बोला है, उसका असर प्रदेश पर भी पड़ेगा।  ऐसे में हर भाजपा नेता मोदी लहर में आगे आकर जीत हासिल कर लेगा, इसी चाहत से टिकट के दावेदारों की सूची लंबी होती जा रही है। यहां बंजार विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो वर्तमान में यहां से कांग्रेस के कर्ण सिंह मंत्री हैं, जिन्होंने अब तक के अपने कार्यकाल में अथाह विकास के कार्य किए हैं। जिला की जनता ही नहीं बल्कि प्रदेश की जनता भी इस बात से अवगत है कि कई बड़े कार्य करते हुए बंजार की जनता को अनेक सुविधाएं प्रदान करने में मंत्री इस बार पीछे नहीं रहे हैं। ऐेसे में बंजार से कांग्रेस के भले ही कई दावेदार क्यों न खडे़ हों, लेकिन मंत्री का टिकट काटना भी आसान नहीं होगा। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में एक पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसी चर्चा यहां जनता के बीच बनी हुई है। वहीं, हर बार यहां धरती पुत्र का नारा भी चुनाव के दौरान बुलंद हो जाता है। जहां पर टिकट के चाहवान दावेदारी जताने के लिए आगे आना शुरू हो जाते हैं। यही नहीं, कई नए चेहरे भी यहां चुनावी मैदान में कूदने को तैयार हैं। जहां पर अधिवक्ता दुष्यंत ठाकुर भी बंजार से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। युवाओं की पसंद में एक दुष्यंत ठाकुर भी चुनावी मैदान में कूद चुके हैं। जहां पर उन्होंने भी अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर रखा है। वहीं, कांग्रेस के कई युवा नेता भी चुनावी मैदान में कूदने को तैयार बैठे हैं। उधर, भाजपा नेताओं की अगर बात करें तो यहां भाजपा के पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा भी कुछ समय से सक्रिय चल रहे हैं। खीमी राम शर्मा ने अपना अभियान तेज कर दिया है।

टिकट मिले न मिले…लड़ेंगे सुरेंद्र शौरी

सुरेंद्र शौरी भी यहां गांव के लोगों से सीधे तौर पर जुड़े हैं। बंजार के काफी लोग इन्हें पसंद भी करते हैं। भाजपा का टिकट मिले न मिले, लेकिन यह तय है कि सुरेंद्र शौरी चुनावी दंगल में जरूर कूदेंगे। वहीं, जहां जिला भाजपा अध्यक्ष की भी इस बार बंजार से चुनाव लड़ने की रुचि दिख रही है। चुनावी मैदान में कूदने को लेकर जिला अध्यक्ष भी गुपचुप तरीके से तैयारी में जुटे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App