गगल वैली ब्रिज के दोनों तरफ गड्ढे भरेंगे

By: Apr 20th, 2017 12:05 am

गगल —  गगल में मांझी पुल के दोनों छोर पर बने बड़े-बड़े गड्ढे भरने वाले हैं। वैली ब्रिज शुरू होने के बाद दोनों किनारों पर अभी भी कच्ची सड़क है। ऐसे में रोजाना हजारों ड्राइवरों को जहां धूल फांकनी पड़ती है, वहीं गड्ढों से गाडि़यों को भी नुकसान होता है। वैली ब्रिज को चालू हुए कई महीने बीत गए हैं, लेकिन दोनों किनारों पर टूटी-फूटी सड़क की किसी ने सुध नहीं ली। ऐसे में धर्मशाला-पालमपुर या परौर सत्संग जैसे महत्त्वपूर्ण जगहों तक जाने वाले हजारों लोगों में गगल के प्रति गलत संदेश जाता है। दूसरी ओर पुल तंग है। यहां दिन में तो पुलिस विभाग के कर्मचारी पूरी ईमानदारी से यातायात को सुचारू रूप से चलाए रखते है, परंतु रात आठ बजे के बाद कई-कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही कई वाहन चालक अपनी मनमानी करते हैं। उधर, इस बारे पठानकोट मंडी राष्ट्रीय राज्य मार्ग के अधिशाषी अभियंता अनिल संग्राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जल्द ही इस पुल के दोनों ओर की सड़क को पक्का कर दिया जाएगा । इसकी देरी मौसम के बार-बार खराब होने के  कारण हुई है। अगर मौसम यथावत बना रहा तो जल्द ही इस पर टायरिंग कर दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App