जल्द निपटाएं लोगों की समस्याएं

By: Apr 12th, 2017 12:02 am

देहरादून में सीएम रावत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश 

देहरादून  — मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने गांव व परिजनों के बीच पहुंचे। ग्रामवासियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। अपने गांव पहुंचकर अभिभूत मुख्यमंत्री रावत ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में उसके गांव का बहुत योगदान होता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए स्थानीय लोगों से मिलकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को इनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। गढ़वाल नागरिक मंच सतपुली द्वारा मुख्यमंत्री रावत का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि ब्यासघाट-सतपुली-देवप्रयाग मोटर मार्ग को पुल बनाकर खैरासैंण तक जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नयार नदी में झील का निर्माण किया जाएगा। लावड़ में सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने खैरा एवं दुधारखाल के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्रदान करने के लिए हिमालयन इंस्टीट्यूट से माह में दो बार चिकित्सकों की टीम भेजने का अनुरोध किया, जिसमें फि जीशियन, ऑर्थो व महिला चिकित्सक शामिल हों। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भैरवगढ़ी पेयजल योजना पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ  ठोस कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रप्शन पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। हमने आते ही एनएच-74 के मुआवजे घोटाले में अनेक अधिकारियों को निलंबित करने के साथ ही इसकी सीबीआई जांच के भी आदेश दिए गए। कई अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति अनुकूल न होने पर भी विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। हम राजस्व के संसाधन बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही एक टोल फ्री नंबर सार्वजनिक किया जाएगा, जहां कोई भी अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करवा सकता है। इस अवसर पर सतपाल महाराज, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुनीता रावत, जिला प्रशासन के अधिकारियों संग बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App