ट्रैफिक जवानों को रिफ्लेक्टर जैकेट

By: Apr 29th, 2017 12:01 am

पुलिस विभाग कर्मियों को मुहैया करवाएगा जरूरी सामान; रेन कोट, मास्क भी मिलेंगे

शिमला  – ट्रैफिक ड्यूटी देने वाले जवानों को जरूरी सामान दिया जाएगा। विभाग रेन कोट, रिफ्लेक्टर जैकेट व मास्क सहित अन्य सामान इन जवानों को उपलब्ध करवाएगा। विभाग ने इसके लिए खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब प्रदेश में ट्रैफिक ड्यूटी देने वाले जवानों के लिए जरूरी सामान की कमी नहीं खलेगी। इन जवानों को रेन कोट और जैकेट सहित दूसरा सामान विभाग जल्द उपलब्ध करवाएगा। ड्यूटी में तैनात जवानों को 800 रेन कोट दिए जाएंगे। ये रेन कोट बरसात शुरू होने से पहले ही उन जवानों को दे दिए जाएंगे, जिनके पास अभी तक ये नहीं हैं। हिमाचल में बरसात जून माह में शुरू हो जाती है और विभाग का प्रयास है कि इससे पहले इन जवानों को रेन कोट उपलब्ध करव दिए जाएं। पुलिस के ये जवान भारी बारिश में भी अपनी ड्यूटियां देते हैं और यातायात रेगुलेट करते हैं। यही वजह है कि विभाग ने बरसात से पहले ही इनके लिए रेन कोट खरीदने का फैसला किया है। विभाग लरोसेंट के रिफ्लेक्टर जैकेट भी सभी जवानों को देगा। इसके लिए विभाग अभी 800 रिफ्लेक्टर खरीदेगा। ये जैकेट धूंध व अंधेरा पड़ने पर भी चमकते हैं। इससे वाहन चलाने वालों को ये जवान आसानी से दिख जाते हैं। इसके साथ ही 500 सफेद वाटरप्रूफ हैट भी ट्रैफिक विंग के लिए खरीदे जाएंगे। यातायात के काम आने वाले फिक्सड डिवाइडर भी खरीदे जाएंगे। यह भी रिफ्लेटिक्व होंगे और ऐसे 300 डिवाइडर ट्रैफिक पुलिस को उपलब्ध करवाए जाएंगे। यही नहीं, इसके अलावा ट्रैफिक में काम आने वाले ट्रैफिक कोन भी विभिन्न ट्रैफिक यूनिटों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। ऐसे 600 ट्रैफिक कोन विभाग खरीद रहा है। इनके अलावा करीब 100 एलईडी टार्च खरीदी जाएंगी। धूल-मिट्टी से बचाने के लिए डबल फिल्टर मास्क जवानों को दिए जाएंगे। पुलिस विभाग ने इन सभी सामान की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है और निविदाएं मांगी हैं। माना जा रहा है कि अगले माह के अंत तक इनको फाइनल कर दिया जाएगा और आर्डर दिया जाएगा। विभाग के मुताबिक आर्डर देने के एक से ड़ेढ माह के भीतर ये सामान ट्रैफिग विंग को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पुलिस विभाग ने पुलिस जवानों के काम आने वाली 32 चीजों की अलग से खरीद प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए फर्मों का चयन कर उनके साथ एनुअल रेट कांट्रैक्ट किया जाएगा। जिन सामान को खरीदा जाएगा, उनमें गिलगिट बूट भी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App