तलकेहड़ से शिफ्ट हो ठेका

By: Apr 17th, 2017 12:08 am

विरोध के बाद भी कार्रवाई न होने पर आज एसडीएम के द्वार जाएंगी महिलाएं

महिलाओं के खिलाफ केस

news newsमंडी —  तलकेहड़ पंचायत में ठेके पर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठेके को हटाने पर अड़ी महिलाएं सोमवार को फिर एसडीएम के द्वार जाएंगी। ठेके के विरोध में पहले स्थानीय महिला मंडल ने पहले प्रदर्शन किया था, लेकिन ठेका न हटाने पर महिलाओं ने शटर तक उखाड़ दिया था। ऐसे में प्रशासन द्वारा अभी तक ठेका शिफ्ट नहीं किया गया। उधर, शनिवार को भी सड़क पर प्रदर्शन के बाद महिलाओं पर ही मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को महिला मंडल से द्वारका देवी, स्कीना, ब्रह्मी देवी, सिंदरा, नीमा व अन्य एसडीएस के पास ठेके शिफ्ट करने की दरख्वास्त लेकर जाएंगी। बता दें कि महिलाएं ठेका बंद करने के पक्ष में नहीं है। महिलाएं चाहती हैं कि ठेका तलकेहड़ से शिफ्ट किया जाए, क्योंकि जिस जगह ठेका है वहां पास ही बावड़ी और मंदिर है। महिलाएं वहां पानी भरने के लिए आती हैं। इन हालातों में ठेके की जगह सही नहीं है। उधर, पंचायत प्रधान तलकेहड़ कमलेश का कहना है कि ठेका ऐहजू के लिए अलॉट हुआ है, लेकिन ठेका तलकेहड़ में खोल दिया गया। ठेका बंद करने के लिए महिलाएं विरोध नहीं कर रही। ठेका बस तलकेहड़ से कहीं और ले जाया जाए।

रोहाड़ा में नहीं चाहिए ठेका

धनोटू चौक  —  ग्राम पंचायत रोहांडा के प्रधान प्रकाश चंद के नेतृत्व में जागृति व लक्ष्मी महिला मंडल ने शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया।  इस दौरान महिलाओं ने जमकर नारेबाजी कर ठेके बंद करने की मांग उठाई। महिलाओं का कहना है कि अभी प्रस्ताव व नारेबाजी से ठेके को बंद करने की मांग की जा रही है, अगर इस धरने प्रदर्शन पर प्रशासन व सरकार ने अमल न किया तो आगामी दिनों में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन और बंद का आह्वान किया जाएगा। महिलाओं ने कहा कि सरकार की नीतियों में सड़क का दर्जा घटाने पर यह ठेका रोहांडा में ही रहा है। कोर्ट के आदेशानुसार यह ठेका भी बंद होना चाहिए, क्योंकि यहां से पंचायत घर की दूरी करीब 50 फुट है। पहले भी प्रस्ताव और समाचार पत्र के माध्यम से इस ठेके का विरोध किया गया था, लेकिन कोई अमल नहीं किया गया है। विरोध प्रदर्शन में पंचायत उपप्रधान यशवंत, महिला मंडल प्रधान राज उप्पल, सचिव हेमा वती, मनीषा, शीला देवी, केसरी देवी, लाजवंती, लीला देवी, बुद्धि देवी, चंपा देवी, निशा देवी, बिमला देवी, हिमी देवी, सुमित्रा, लता, कला देवी, बंती देवी, साजी देवी, बिमला देवी, उमा देवी, विद्या देवी, माघी देवी उपस्थित रही।

चियुणी स्कूल के पास खोल दिया ठेका

चैलचौक  —  सराज विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज पंचायत चियुणी स्थित सरकारी स्कूल की 25 मीटर की दूरी पर शराब का ठेका खोल दिया गया है। क्षेत्र में स्कूल के पास शराब का ठेका खोलने से  जहां उच्चतम न्यायालय के 500 मीटर के दायरे से बाहर शराब के ठेके चलाने के बारे में आए आदेशों की सरेआम  धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, उससे प्रशासन की कार्यप्रणाली को उच्चतम न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करार दिया जा रहा है। स्थानीय पंचायत चियुणी के जनप्रतिनिधियों और महिला मंडल की सदस्यों ने इलाके में फैलती जा रही नशाखोरी से पैदा होने वाली विभिन्न कुरीतियों को जड़ से उखाड़ फेंकने का सपना संजोया था, उस पर शराब तंत्र ने पल भर में पानी फेर दिया है। वहीं अधिवक्ता हेम सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्राम सभा से नशाखोरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बारे में जो प्रस्ताव पारित कर प्रेषित किया है, प्रशासन को उसके अनुरूप कार्रवाई अमल में लानी चाहिए थी। अन्यथा भारत वर्ष के लोकतंत्र पर से ग्रामीणों का विश्वास खो जाएगा। स्थानीय पंचायत प्रधान इंद्रा देवी ने स्कूल परिसर के समीप शराब का ठेका खोलने पर  प्रशासन की कार्यप्रणाली को लोकतंत्र का दमन करने जैसा करार दिया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शराब बंदी सहित खुले में बीड़ी-सिगरेट की बिक्री तक पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बारे में ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन और आबकारी कराधान विभाग करसोग को प्रतियां भेजी थी। इसके बावजूद प्रशासन ने ग्रामीणों की जन भावना को दरकिनार करते हुए शराब का ठेका खोल दिया, वह भी स्कूल से मात्र 25 मीटर की दूरी पर। उन्होंने बताया कि शराब ठेके के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा, अगर प्रशासन का ऐसा ही अडि़यल रवैया रहा तो जनता के माध्यम से शराब ठेका दुकान को ताला जड़ दिया जाएगा। उधर, एसडीएम जंजैहली अश्वनी कुमार ने कहा कि चियूणी पंचायत में खुला ठेका अगर 500 मीटर के अंदर है, तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App