दिल्ली में भाजपा की आंधी

By: Apr 27th, 2017 12:08 am

भगवा दल को तीनों नगर निगमों में बहुमत, आप-कांग्रेस का बुरा हाल

newsnewsnewsनई दिल्ली— दिल्ली निकाय चुनावों में भाजपा ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को पछाड़ते हुए प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की है। तीनों नगर निगमों (दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली) की 270 सीटों के नतीजों में भाजपा ने 184 सीटों पर विजय हासिल की है। आप 45 और कांग्रेस 30 सीटों के साथ दूसरे और तीसरे नंबर पर रही। भाजपा नेताओं ने पार्टी की शानदार जीत का श्रेय पीएम मोदी की नीतियों को दिया है। दूसरी तरफ कांग्रेस और आप ने हार का ठीकरा ईवीएम के ऊपर फोड़ा है। इस हार के बाद एमसीडी चुनाव में पिछली बार से भी बुरा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने पद से इस्तीफा दे दिया। इस बीच आप के नेता अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके तीनों निगमों में भाजपा की शानदार जीत पर बधाई दी है। नतीजों के मुताबिक, नॉर्थ एमसीडी में भाजपा ने 65, जबकि आम आदमी पार्टी ने 20 सीटें जीतीं। कांग्रेस को नॉर्थ में 15 सीटें मिलीं। वहीं, ईस्ट एमसीडी में भाजपा ने 48, जबकि आप ने दस सीटों पर कब्जा जमाया, कांग्रेस को यहां केवल तीन सीटें ही मिलीं। साउथ एमसीडी में भाजपा ने 71, जबकि आप ने 15 सीटों पर जीत हासिल की, वहीं कांग्रेस को यहां 12 सीटें मिलीं। तीनों नगर निगम में निर्दलीय और अन्य उम्मीदवारों को 11 सीटें मिलीं। बता दें कि 23 अप्रैल को कुल 272 में 270 वार्डों के लिए मतदान हुए थे। दो वार्डों में उम्मीदवारों के निधन के कारण वहां  मतदान रद्द कर दिया गया था। पीएम मोदी ने मोदी ने भाजपा पर भरोसा जताने तथा दिल्ली नगर निगम चुनावों में उसे शानदार विजय दिलाने के लिए दिल्ली के लोगों को धन्यवाद दिया। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस जीत को छत्तीसगढ़ के सुकमा में शहीद हुए जवानों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जवानों के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने जीत का जश्न न मनाने का फैसला किया है।

जीत की घोषणा से पहले ही आ गए थे भाजपा के धन्यवाद पोस्टर

newsनई दिल्ली— दिल्ली नगर निगम के तीनों हिस्सों में मिली शानदार जीत की अभी घोषणा भी नहीं हुई थी और प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने पोस्टर लगवाकर दिल्ली की जनता को धन्यवाद देते हुए जीत को सुकमा के शहीदों को समर्पित भी कर दिया था। करीब दस बजे ही ये पोस्टर दिल्ली में चस्पां हो गए थे, जबकि नतीजे इसके काफी देर बाद घोषित हुए। भाजपा के इस  विश्वास की वजह एग्जिट पोल थे या कुछ ‘और’, लेकिन इससे विरोधियों को ईवीएम पर अंगुली उठाने का मौका जरूर मिल गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App