नए प्रोजेक्टों के लिए पानी की कमी नहीं

By: Apr 17th, 2017 12:15 am

newsशिमला – प्रदेश सरकार ने बिजली बोर्ड को तीन नए प्रोजेक्ट दिए हैं, जिनकी साइट विजिट कर ली गई है। इंजीनियरों ने यहां पानी की उपलब्धता को लेकर सर्वे किया है, जिसमें बताया गया है कि तीनों परियोजनाओं में पानी की उपलब्धता बेहतर है। यही नहीं, दो प्रोजेक्टों में सुरंग निर्माण में भी समय ज्यादा नहीं लगेगा, इनकी फिजीबिलिटी को बेहतर माना गया है। जो प्रोजेक्ट सरकार ने सौंपे हैं, उनमें नोगली खड्ड, कुठाड़ व टिक्कर हैं, जिनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए बिजली बोर्ड ने छह महीने का टारगेट तय किया है। सूत्रों के अनुसार इस काम को लगभग शुरू कर दिया गया है और जल्द इसके परिणाम सामने आएंगे। कुछ समय पहले ही सरकार ने ये परियोजनाएं बोर्ड को सौंपी थी, जिसके बाद यहां इंजीनियरों की टीम को साइट विजिट के लिए भेजा गया। उन्होंने प्रारंभिक सर्वे में यहां पानी की उपलब्धता बेहतर आंकी है। उनका मानना है कि परियोजना साल भर उत्पादन कर सकती है, क्योंकि यहां पानी का फ्लो अच्छा है। नोगली खड्ड, जो कि रामपुर में है की क्षमता साढ़े नौ मेगावाट तक होगी। यहां सर्वे शुरू कर दिया गया है। सतलुज की संबद्ध इस खड्ड में पानी का फ्लो अच्छा है और आने वाले समय में यहां लगने वाले प्रोजेक्ट की क्षमता और बढ़ाई जा सकती है। इसकी संभावनाओं पर भी बाद में काम किया जाएगा। इसके साथ ऊहल खड्ड पर दो परियोजनाएं बोर्ड को दी गई हैं, जिनमें एक कुठाड़ और दूसरी टिक्कर खड्ड है। कुठाड़ प्रोजेक्ट की क्षमता प्रारंभिक आकलन में पांच मेगावाट आंकी गई है, वहीं टिक्कर परियोजना भी इतनी ही क्षमता की होगी।

तेजी से काम करें आधिकारी

ऊहल में पहले भी बड़ी क्षमताओं की परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें ऊहल तृतीय चरण 100 मेगावाट इसी साल पूरी होनी है। विशेषज्ञों के मुताबिक इन दोनों परियोजनाओं में सुरंग निर्माण में देरी नहीं होगी, जिनकी संभावनाएं भी देखी गई हैं। यहां लगभग एक किलोमीटर की सुरंग दोनों परियोजनाओं के लिए बनाई जाएगी। इसके लिए स्टेटा बेहतर है और ऊहल परियोजना जैसी परेशानी इसमे नहीं आने वाली। बोर्ड ने अपने अधिकारियों को तीनों परियोजनाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं, जिनका दावा है कि छह महीने में डीपीआर तैयार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App