पांच सेक्टर में बांटा डलहौजी

By: Apr 30th, 2017 12:07 am

NEWSडलहौजी – उपमंडल में पहली मई से छेडे़ जाने वाले भांग उखाड़ो अभियान के सफल आयोजन को लेकर नगर परिषद डलहौजी को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। इस अभियान की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर आफिसर भी तैनात किए गए हैं। यह सेक्टर आफिसर रोजाना भांग उखाड़ो अभियान की प्रगति रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय सौंपेंगे। यह जानकारी एसडीएम डलहौजी गौरव चौधरी ने भांग उखाडो अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आयोजित बैठक में दी। उन्होंने कहा कि डलहौजी उपमंडल की बीस पंचायतों में भी पंचायत प्रतिनिधियों, महिला व युवक मंडल और स्थानीय लोगों के सहयाग से भांग उखाड़ो अभियान को अंजाम देकर लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर रोजाना दस से पंद्रह लोगों की टीम बनाकर चिंहित क्षेत्र में भांग उखाड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि भांग उखाड़ो अभियान के पहले दिन शहर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। गांधी चौक से आरंभ होने वाली जागरूकता रैली विभिन्न हिस्सों से गुजरती हुई सुभाष चौक जाकर समाप्त होगी। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में नशा निवारण पर आधारित भाषण, नारा लेखन व चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस संदर्भ में शिक्षण संस्थानों के मुखियाओं को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे अपने कार्यालय परिसर या आसपास के क्षेत्र में भांग के पौधों को उखाड़कर नष्ट करने को अभियान छेड़े। यदि किसी सरकारी कार्यालय परिसर में भांग के पौधे पाए गए तो जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारी की रहेगी। बैठक में नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह नरयाल, कानूनगो भूपेंद्र कश्यप व चमन सिंह सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App