पीडब्ल्यूडी के 259 कर्मचारी होंगे पक्के

By: Apr 22nd, 2017 12:01 am

विभाग ने फील्ड से मांगा तीन साल पूरा कर चुके अनुबंध कर्मियों का ब्यौरा

 शिमला —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के तीन साल का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने के फैसले पर अमल होने लगा है। सभी विभागों ने इन कर्मचारियों को रेगुलर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने भी इन कर्मचारियों को रेगुलर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग में 259 अनुबंध कर्मचारी तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। विभाग की ओर से फील्ड से इन कर्मचारियों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल दिवस समारोह पर चंबा में 15 अप्रैल को अनुबंध कर्मियों की रेगुलर करने की अवधि घटाने का ऐलान किया था। पहले जहां पांच साल के बाद रेगुलर किया जा रहा था, वहीं अब मुख्यमंत्री ने इसे घटाकर तीन साल करने की घोषणा की है। इससे अनुबंध कर्मचारियों को भी राहत मिली है, जो कि अरसे रेगुलर करने की अवधि को कम करने के लिए सरकार पर दबाव बना रहे थे, वहीं चुनावी साल में सरकार के इस फैसले पर भी विभाग तत्परता दिखा रहे हैं। अन्य विभागों की तरह लोक निर्माण विभाग ने भी अनुबंध कर्मचारियों को रेगुलर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने उन कर्मचारियों का ब्यौरा फील्ड से मांगा है जो कि तीन साल का कार्यकाल 31 मार्च को पूरा कर चुके हैं। वैसे सरकार ने पहले से ही रेगुलर करने के लिए 31 मार्च और 30 सितंबर की कटऑफ डेट तय कर रखी है। यानी पहले उपरोक्त तारीखों में जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करते थे, उनको रेगुलर किया जाता है। इसके चलते पहले विभाग ने पांच साल वाले कर्मचारियों की लिस्ट मांगी थी, लेकिन अब तीन से पांच साल के बीच वाले कर्मचारियों की भी लिस्ट फील्ड से मांगी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन जोन के मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को इस बारे में लिखित आदेश जारी किए गए हैं।

क्लर्क-135, जेई-112, स्टेनो टाइपिस्ट-12

पीडब्ल्यूडी में कुल 259 अनुबंध कर्मचारी हैं, जो कि तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। इनमें लिपिक वर्ग के 135 कर्मचारी, कनिष्ठ अभियंता वर्ग के 112 कर्मचारी के अलावा स्टेनो टाइपिस्ट के 12 कर्मचारी शामिल हैं। विभाग ने फील्ड से इन कर्मचारियों का जल्द से जल्द  ब्यौरा मांगा है, ताकि इसे समय रहते भेजा जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App