प्रदेश में 14 तक मौसम साफ

By: Apr 9th, 2017 12:01 am

ऊना-सुंदरनगर में चढ़ा पारा, धर्मशाला-सोलन में लुढ़का तापमान

शिमला — ओलावृष्टि व बारिश के बाद शनिवार को समूचे प्रदेश में मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने से राज्य के कई क्षेत्रों के पारे में उछाल आया है,जबकि शीतलहरों के चलने से कई क्षेत्रों के तापमान में गिरावट भी आई है।  मौसम विभाग की मानें तो राज्य भर में 14 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा, जिससे तापमान में उछाल आने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान पूह व केलांग में बर्फबारी रिकार्ड की गई है। पूह में 26.0 सेंटीमीटर हिमपात आंका गया है। वहीं, प्रदेश के डलहौजी व कल्पा में बारिश हुई है। डलहौजी में 2.0 और कल्पा में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।  शनिवार को प्रदेश के सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा ऊना व नाहन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी आंकी गई है। इन क्षेत्रों के अधिकतम पारे दो से चार डिग्री तक का उछाल आया है। कल्पा का अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसमें शुक्रवार के मुकाबले चार डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है, जबकि प्रदेश के धर्मशाला व सोलन में अधिकतम पारा लुढ़का है।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 19.8, सुंदरनगर में 27.2, भुंतर में 26.0, कल्पा में 12.4, धर्मशाला में 24.2, ऊना में 33.0, नाहन 29.1 और सोलन में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य भर में 14 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी आएगी।

केलांग का पारा माइनस में

प्रदेश के केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़कर कर माइनस डिग्री में पहुंच गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान -0.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जिसमें शुक्रवार के मुकाबले गिरावट आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App