फोरलेन के काम ने लगाया जाम

By: Apr 14th, 2017 12:05 am

कुल्लू  —  कुल्लू-मनाली एनएच 21 पर इन दिनों फोरलेन कार्य जोरों पर चला हुआ है। फोरलेन कार्य के चलते जगह-जगह जाम की दिक्कतें पेश आ रही हैं। ऐसे में यहां देश-विदेश से घूमने आ रहे सैलानियों को काफी समस्याएं हो रही हैं। कुल्लू से मनाली पहुंचने में जहां एक घंटा लगता है, वहां उन्हें दो से अढ़ाई घंटे लग रहे हैं। इस कारण सैलानियों सहित कुल्लू-मनाली सफर करने वाले यात्री भी जाम की दिक्कतों से जूझ रहे हैं, साथ ही धूल-मिट्टी भी यहां लोगों के लिए आफत बनी हुई है। बता दें कि कुल्लू-मनाली एनएच- 21 रामशिला से डोभी तक मार्ग की हालत काफी खस्ता हो गई है। फोरलेन कार्य के चलते मार्ग जगह-जगह से संकरा हो गया है। जाम की दिक्कतें सबसे अधिक सेऊबाग से बवेली और बंदरोल में पेश आ रही हैं। वाहन चालक मनोज कुमार, सुरेश शर्मा, पवन सिंह, रविंद्र, राहुल, मनी राम, चांद किशोर सहित अन्य चालकों की मानें तो फोरलेन कार्य जिन स्थानों पर इन दिनों जोरों पर चला हुआ है, वहां पर ट्रैफिक जवानों को तैनात किया जाना चाहिए, ताकि जाम की दिक्कतें पेश न आएं। वाहन चालकों की मानें तो मार्ग जगह-जगह फोरलेन कार्य से संकरा हो गया है, जिस कारण बड़े वाहनों से यहां जाम लग रहा है। ऐसे में इन जगहों पर जाम की दिक्कतों को देखते हुए यहां पुलिस जवानों को तैनात करने की उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App