भाजपा के षड्यंत्रों से डरने वाली नहीं कांग्रेस

By: Apr 12th, 2017 12:03 am

NEWSNEWSशिमला— कांग्रेस ने भाजपा को प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने की कोशिशों से बाज आने की सलाह दी है। भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर  अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बना रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ  एक ही मामले में तीन-तीन जांच एजेंसियों द्वारा जांच करवाना भाजपा की दोषपूर्ण मंशा को प्रदेश की जनता नजदीकी से देख रही है। सरकार ने भाजपा के तमाम हथकंडों के बावजूद प्रदेश में निर्णायक विकास किया है और उसके बूत्ते प्रदेश में सरकार रिपीट करेगी।  सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स तथा उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ भाजपा के षड्यंत्रों से कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ है और पार्टी एवं विधायक दल मजबूती से मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं।  भाजपा को अपनी करनी का सारा फल यहीं और जल्द भुगतना पड़ेगा।  श्रीमती स्टोक्स व अग्निहोत्री ने भाजपा को चेताया है कि अगर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ गैर कानूनी कार्रवाई करने की कोई भी कोशिश हुई तो इसके उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।  उन्होंने कहा कि  चार सालों से भाजपा प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने की कई कोशिश करती आई है, लेकिन लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई प्रदेश सरकार पर कोई भी अलोकतांत्रिक कदम किसी भी स्तर पर राज्य की जनता सहन करने वाली नहीं है।  दोनों मंत्रियों ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सभी जांच से पूरा सहयोग किया है।  श्रीमती स्टोक्स व अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा नेतृत्व अंतरकलह से गुजर रहा है। नेतृत्व की लड़ाई सार्वजनिक हो रही है। कांग्रेस ने रिकार्ड कार्य किए हैं और उसके रिपोर्ट कार्ड पर दोबारा सत्ता में आएगी।  भाजपा को लोकतांत्रिक र्म्यादाओं का सम्मान करते हुए प्रदेश के जनमत का सम्मान करना चाहिए और चुनाव का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश के लिए वित्तीय संसाधनों को कम कर रही है और दूसरी तरफ कांग्रेस के नेताओं पर हमला बोल रही है।  दोनों मंत्रियों ने कहा है कि अब जब प्रदेश में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं,ऐसे में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ षड्यंत्र रचकर भाजपा नेता प्रदेश के लोगों को गुमराह कर अपना राजनीतिक हित साधना चाहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App