भाजपा सपनों की सौदागर…

By: Apr 4th, 2017 12:07 am

राजेंद्र राणा बोले, जनता की मुश्किलों से कुछ लेना-देना नहीं

newsहमीरपुर  — राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि भोरंज विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी को जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रोमिला देवी जुझारू व ईमानदार छवि की महिला हैं। विधानसभा क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए इलाकावासी अब प्रोमिला को भारी मतों से विजय बनाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता अब भाजपा के झासे में आने वाले नहीं हैं, क्योंकि मतदाताओं को यह अच्छी तरह मालूम हो गया है कि भाजपा नेता सिर्फ  सपने दिखाने की राजनीति करते हैं। लोगों के दुख दर्द व मुश्किलों से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। राजेंद्र राणा ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने एक गरीब दलित परिवार में जन्म लेकर क्षेत्र की जनता के हकों की लड़ाई लड़ने वाली महिला को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसे भाजपा सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रोमिला देवी का रिकार्ड अब तक चुनाव जीतने का रहा है। इस चुनाव में भी विजयी रहकर वह अपने इस रिकार्ड को बरकरार रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रोमिला देवी का साथ दे रहे हैं।

अब होगी कार्रवाई

भोरंज में चुनावी जनसभा के दौरान अरुण धूमल का दावा

newsहमीरपुर — युवा भाजपा नेता अरुण धूमल ने ईडी द्वारा मुख्यमंत्री की संपत्ति पर की गई कार्रवाई को उचित ठहराया। उन्होंने कहा कि अब वीरभद्र सिंह और तिहाड़ जेल के बीच दूरी ज्यादा नहीं है। वीरभद्र सिंह ने गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की थी। यदि वीरभद्र सिंह का सहयोगी जेल में है, तो मुख्यमंत्री सलाखों के पीछे क्यों नहीं है। अब अदालत ने तय कर दिया है कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भोरंज उपचुनाव का प्रचार अभियान जोरों पर है। भाजपा निश्चित रूप से यह उपचुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव सिर्फ भोरंज का ही नहीं, बल्कि हिमाचल की राजनीति का भविष्य भी तय करेगा। चुनावों में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। अरुण धूमल भोरंज में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भोरंज की जनता से भाजपा प्रत्याशी डा. अनिल धीमान को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की ताबड़तोड़ घोषणाएं तो कांग्रेस सरकार ने की, लेकिन शिक्षा का स्तर कैसे उन्नत हो यह नहीं देखा। प्रदेश में युवाओं को पहले बेरोजगारी भत्ते और बाद में नौकरियों के नाम पर ठगा गया। प्रदेश की जनता की सुध लेने की फुर्सत सरकार और मुख्यमंत्री के पास नहीं थी। इस अवसर पर दलबीर चौहान, अंकुश दत्त शर्मा, दिनेश ठाकुर, उमेश दत्त, जवाहर सिंह, राजेश शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App