भारत के करीब ब्रिटेन

By: Apr 5th, 2017 12:04 am

दोनों देशों में 24 करोड़ पाउंड का ग्रीन ग्रोथ इक्विटी फंड बनाने पर सहमति

नई दिल्ली  – यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर होने के बाद भारत के साथ अपने रिश्ते को मजबूत बनाने की दिशा में जारी प्रयासों के तहत दोनों देश एक-दूसरे के यहां निवेश बढ़ाने और भारत में स्वच्छ उर्जा परियोजनाओं के लिए वित्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 करोड़ पाउंड का कोष बनाने पर सहमत हुए हैं। भारत की यात्रा पर आए ब्रिटेन के वित्त मंत्री फिलिप हम्मोंड और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यहां नौवे यूके-भारत आर्थिक एवं वित्तीय परिचर्चा के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा कि ग्रीन ग्रोथ इक्विटी फंड नामक इस कोष में दोनों देश 12-12 करोड़ पाउंड के एंकर निवेशक होंगे। इसका लक्ष्य 50 करोड़ पाउंड की राशि जुटाना है। भविष्य में भी इसके जरिए पूंजी जुटाई जा सकेगी। दोनों मंत्रियों ने घोषणा की कि प्रारंभ में यह कोष भारत में तेजी से बढ़ रहे नवीनीकरणीय ऊर्जा बाजार में निवेश करेगा और इसके लिए शीघ्र ही कोष प्रबंधक की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए एक ब्लू प्रिंट भी जारी किया जाएगा, जिसमें इस कोष के दूसरे क्षेत्रों में निवेश किए जाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। बयान में दोनों मंत्रियों ने राष्ट्रीय निवेश एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कोष  के तहत संयुक्त रूप से भारत-यूके फंड स्थापित करने की दिशा में हुई प्रगति की सराहना की। इस फंड के तहत लंदन के निजी निवेशकों को भारत की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में निवेश करने के प्रोत्साहित किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App