भोरंज उपचुनाव के लिए आज होगा मतदान

By: Apr 9th, 2017 12:02 am

जनता चुनेगी विधायक; वीरभद्र ने 25, धूमल ने की 36 जनसभाएं

हमीरपुर— भोरंज उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस के धुआंधार प्रचार पर रविवार को जनता की मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 25 नुक्कड़ सभाआें के माध्यम से धूमल परिवार को मुद्दा बनाकर वोट मांगे हैं, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल ने 36 जनसभाएं कर सीएम को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा है। दोनों ही दिग्गज नेताआें की प्रतिष्ठा इस चुनाव में दांव पर लगी है। इसके चलते उपचुनाव के लिए पहली बार सीएम और नेता प्रतिपक्ष ने नुक्कड़ सभाआें का अंबार लगाया है। इस चुनाव में कांग्रेस की 36 जनसभाआें के मुकाबले भाजपा ने 57 नुक्कड़ सभाएं की। प्रेम कुमार धूमल के अलावा भाजपा की तरफ से सांसद अनुराग ठाकुर ने 21 नुक्कड़ सभाओं में सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने 11 नुक्कड़ सभाआें के माध्यम से धूमल परिवार पर निशाना साधा है। भाजपा के दिग्गज नेता शांता कुमार और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को छोड़कर अन्य सभी नेताआें ने भोरंज में धुआंधार प्रचार किया है। कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर के अधिकतर नेताआें ने भोरंज उपचुनाव में अपनी ताकत झोंकी है। संसदीय क्षेत्र प्रभारी रणधीर शर्मा की अगवाई में भाजपा ने यह चुनाव सुनियोजित ढंग से लड़ा है। इसके मुकाबले सत्तापक्ष की ओर से प्रचार का जिम्मा मुख्यमंत्री के कंधों पर रहा। आखिरी चरण में प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू के साथ कैबिनेट मंत्री विद्या स्टोक्स, कौल सिंह ठाकुर और अनिल शर्मा ने भी पसीना बहाया है।

जीत की दरकार

उपचुनाव में कांग्रेस की बजाय भाजपा को जीत की ज्यादा दरकार है। पिछले 27 सालों से भगवा दुर्ग बनी इस सीट को खोने पर भाजपा को कई नुकसान झेलने पड़ेंगे। इससे मोदी लहर, धूमल फैक्टर और एंटी इनकन्वेंसी के दावे हवा-हवाई होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App