मनाली में युवक सहित तीन युवतियां धरीं

By: Apr 5th, 2017 12:15 am

पुलिस जांच में खुलासा, मकलोडगंज सेक्स रैकेट की जड़ें कुल्लू में भी फैली

newsमनाली , धर्मशाला —  पड़ोसी राज्य पंजाब से हिमाचल की पर्यटन नगरी मकलोडगंज में ही नहीं बल्कि कुल्लू जिला में भी देह व्यापार को चलाया जा रहा है। पिछले माह मकलोडगंज में पकड़े गए मामले में पुलिस ने इस समूह के चार अन्य सदस्यों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच में जुटी कांगड़ा पुलिस ने कुल्लू जिला के मनाली से एजेंट पुरुष व महिला सहित दो अन्य महिलाओं को भी पकड़ा है। मामले में पकड़ा गया आरोपी पुरुष मनाली, जबकि महिलाएं पंजाब तथा उत्तर प्रदेश से संबंध रखती हैं।  पुलिस टीम ने उक्त आरोपियों को मनाली के निजी होटल में दबिश देकर गिरफ्तार किया है, जिसके बाद आरोपियों को धर्मशाला लाया गया है।जानकारी के अनुसार मकलोडगंज में पुलिस ने 25 मार्च को  देह व्यापार में संलिप्त आरोपियों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने मकलोडगंज तथा चामुंडा के होटलों से चार पुरुषों सहित छह महिलाओं को हिरासत में लिया था।  इसमें पुलिस ने विनोद निवासी पठानकोट, आदित्य निवासी नोएडा, हैप्पी उर्फ रोहन पुरी निवासी पठानकोट व गुरदेव सिंह निवासी अमृतसर व छह अन्य युवतियां एवं महिलाएं गिरफ्तार की थीं। इसके बाद  मुख्य सरगना की भी पहचान कर पुलिस ने अमृतसर में उसके घर में दबिश  दी थी। इसके अलावा पूछताछ के बाद उन्होंने मनाली का भी पता बताया। बताए हुए पते के अनुसार कांगड़ा पुलिस ने स्पेशल टीम मनाली भेजी  थी, जिन्होंने मनाली के निजी होटल में दबिश देकर तीन युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार किया है। मनाली में पुलिस ने मनाली निवासी टैक्सी ड्राइवर तेज सिंह व उत्तर प्रदेश की युवती एजेंट सहित पंजाब की दो अन्य युवतियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पंजाब राज्य से संबंध रखने वाला देह व्यापार का मुख्य आरोपी व उनके दो-तीन साथी मकलोडगंज में बैठकर ऑनलाइन वेबसाइट से दोनों जिलों में यह धंधा चलाते हैं। वेबसाइट में केवल आरोपी स्थान का नाम बदल देते हैं और जिस नाम को वेबसाइट में जाकर ग्राहक चेक करता है,उसे उसी स्थान पर मोल भाव के बाद युवतियां बताए हुए पते पर  पहुंचा दी जाती थीं।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि मकलोडगंज में देह व्यापार करने वाले आरोपियों के चार सदस्य मनाली में भी गिरफ्तार किए गए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी और कितने जिलों में इस धंधे को चला रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App