रैहन में अवैध कब्जे हटाए

By: Apr 20th, 2017 12:05 am

फतेहपुर —  सड़क किनारे लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम लोक निर्माण विभाग ने छेड़ रखी है। लगता है कि अब विभाग का यह अभियान थमने वाला नहीं। इसी के चलते  रैहन बाजार में अवैध कब्जों को लोक निर्माण विभाग द्वारा हटाया गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग फतेहपुर ने अपने तीनों उपमंडलों में भी अभियान को छेड़ने की तैयारी कर ली है। लोक निर्माण विभाग के उपमंडल रैहन के तहत पड़ते प्रमुख कस्बा रैहन में महकमे ने सड़क किनारे अवैध कब्जाधारियों पर बुधवार को कार्रवाई करते हुए कई दुकानों के आगे से पक्के चबूतरे व शैड हटाए। विभाग की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। विभाग ने सड़क पर बने खोखों तथा रेहड़ी-फडि़यों को भी ठिकाने लगा दिया। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ठाकुर कुलदीप सिंह ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों सहित जीसीबी व टिप्पर की मदद से यह अवैध कब्जे हटाए। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के उपमंडल रैहन के सहायक अभियंता ठाकुर कुलदीप सिंह ने बताया कि अवैध कब्जों के खिलाफ मुहिम आगे भी जारी रहेगी। बुधवार को भी अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई है।  लोक निर्माण विभाग मंडल फतेहपुर एमपी धीमान का कहना है कि सड़क के किनारे अवैध कब्जों को सहन नहीं किया जाएगा। अब विभाग तलवाड़ा, फतेहपुर जसुर मार्ग पर कार्रवाई शुरू करने वाला है। इससे पहले भी अवैध कब्जे हटाए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App