विक्रमादित्य का सांप्रदायिकता पर प्रहार

By: Apr 10th, 2017 12:07 am

newsराजगढ़ — आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में हर जाती, वर्ग व धर्म को साथ लेकर आगे बढ़ने का जो प्रयास किया था उस सोच को मजबूत करने का एक बहुत बड़ा उत्तरदायित्त्व हमारे कंधों पर है। यह बात प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने पच्छाद यूथ कांग्रेस द्वारा राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। पच्छाद युवा और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विक्रमादित्य का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें भेंट स्वरूप तलवार दी गई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज देश के अंदर सांप्रदायिक ताकतें पैदा हो रही हैं और समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटा जा रहा है आने वाले समय में उसके घातक परिणाम होंगे। जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है अल्पसंख्यक लोगों का संविधान से विश्वास खोता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर आज हिमाचल प्रदेश की अलग पहचान बन पाई है तो वह डा. वाईएस परमार की सोच के कारण ही संभव हो पाया है। हर क्षेत्र में हिमाचल का विकास कांग्रेस की देन है। जब हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था तब यहां मात्र एक कालेज था, जबकि आज प्रदेश में 145 डिग्री कालेज हैं। प्रदेश में सभी मेडिकल कालेजों को भी यूपीए सरकार ने ही स्वीकृति और बजट प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ की राजनीति करती है। युकां अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने मंडी दौरे में धूमल को सड़कों का मुख्यमंत्री करार दिया था। उनके कार्यकाल में 3332 किलोमीटर सड़कें बनी थी, जबकि कांग्रेस के इस बार के चार वर्ष के कार्यकाल में ही 6500 किलोमीटर सड़कें बन चुकी हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल के साथ भेदभाव करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि नीति आयोग बनने के बाद प्रदेश को दो हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। मोदी ने जो 72 हजार करोड़ देने की बात कही थी वह प्रदेश का हक था। विक्रमादित्य ने भाजपा नेताओं पर राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर भी जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की डीपीआर तैयार करने के लिए अढ़ाई सौ करोड़ रुपए में से एक कौड़ी भी प्रदेश को नहीं मिली है। युकां अध्यक्ष ने आने वाले चुनावों में कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की उपलब्धियों और भाजपा के झूठ को घर-घर पहुंचाने का पाठ पढ़ाया। इससे पूर्व प्रदेश योजना बोर्ड उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने बीजेपी का मतलब बताते हुए उन्हें बहुत झूठी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि काले धन लाने, हर वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, महंगाई कम करने जैसे हर वायदे जुमले साबित हुए। उन्होंने कहा कि हिमाचल और कांग्रेस का सपना अटूट है और कांग्रेस लोगों की रगों में है। इसलिए प्रदेश में भाजपा का कांग्रेस मुक्त का सपना सपना ही रहेगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सिरमौर सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, जिला परिषद सदस्य शकुंतला प्रकाश, सुंदर , विवेक शर्मा, आशा प्रकाश, दीपक धीर, दिनेश आर्या सहित युवा कांग्रेस पदाधिकारी व कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App