श्रवण को जा लगा राजा दशरथ का तीर

By: Apr 14th, 2017 12:05 am

नाहन  —  जिला परिषद भवन नाहन में हिमजन मंच सांस्कृतिक संस्था द्वारा लोक रामायण का सुंदर मंच किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक रंगमंच प्रेमी तथा कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस ब्रेस्कोन द्वारा की गई। सर्वप्रथम सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। पश्चात प्रेम बाऊनली द्वारा रेणुका वंदना झिलो रे किनारे मइया मंदिरो बे तेरा रे प्रस्तुत की गई तथा उसके बाद पुनः हिमाचल आपणा जानी दा पियारा देश बे देश प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। पहाड़ी लोक रामायण की शुरुआत हम कथा सुनाते हैं श्रीराम की गीता कैंथ व साथियों द्वारा की गई। प्रथम दृश्य में श्रवण कुमार को जब तीर लगता है तो उसके अंधे माता-पिता दशरथ को श्राप देते हैं कि जिस प्रकार वे दोनों तड़प-तड़प कर मर रहे हैं, राजा दशरथ को भी मरना पड़ेगा। इस दृश्य को देखकर महिला समूह की आंखें भर आई। पहाड़ी लोक रामायण में चौपाइयां सिरमौरी बोली में गाई गई। राजा डेवा थिया ऐड़ो बे खेलदा नदी से बे नीरो ला, छल दा बे लागा दशरतो से माणू दा हाय-हाय राम पुकारे श्रवण हाय राम पुकारे ला दर्शकों के बीच गमगीन माहौल बदलने के लिए लक्ष्मण व श्रुपनखा के प्रेम प्रसंग को झूछी के रूप में प्रस्तुत किया गया। पार जाणी रे धारो दा कुण बे माणिश खड़ा, चांद जैशा तो मुहिटा हो, संगीया मेरी नर्जरा दा पड़ा झूरी गायन प्रस्तुतीकरण के समय हास्य रस में दर्शक लोट-पोट हो गए। अंत में राम-रावण युद्ध में भ्रष्टाचार का रावण मारा जाता है। करीब एक घंटे के मंचन के दौरान सभी दर्शक मंत्रमुग्ध होकर नाटक देखते रहे। अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस ब्रेस्कोन ने बताया कि लोक संस्कृति हमारे समाज में सभी जाति व समुदाय के लोगों को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने हिमजन मंच संस्था के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा भी की तथा विश्वास दिलाया कि परंपरागत लोक संस्कृति के संरक्षण हेतु जिला प्रशासन व भाषा संस्कृति विभाग कृत संकल्प है। जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा ने बताया कि उनका विभाग सांस्कृतिक संस्थाओं का वार्षिक अनुदान देकर प्रोत्साहित करता है। हिमजन मंच संस्था के प्रेस सचिव ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर हिमजन मंच अध्यक्ष शेलेंद्र कंवर, सचिव केएस नेगी, रंगकर्मी आरके सैणी, डा. सबलोक, वसीम खान, सुशील अत्री, विश्वराज वकील, मुन्ना कंवर एनजीओ अध्यक्ष, ज्योति पुंज, डा. मनीष, सोहन, भीम सिंह गोसाईक,  विवेक शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App